अलीगढ़-पलवल हाईवे पर बुधवार देर रात गांव हजियापुर डेयरी के पास सेंट्रो-बोलेरो भिड़ंत में सेंट्रो सवार पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सेंट्रो सवार लोग पलवल से सगाई चढ़ाकर लौट रहे थे, तभी सामने से तेज गति से आती बोलेरो ने जबरदस्त टक्कर मार दी।
घटनाक्रम के अनुसार टप्पल के गांव सालपुर निवासी राजवीर सिंह की बेटी सीमा का रिश्ता पलवल के कस्बा छांयसा निवासी युवक से तय हुआ है। बुधवार को परिजन सगाई चढ़ाने गए थे। वहां से सेंट्रो कार में सीमा के बहनोई अपने परिवार व ससुराल के कुछ बच्चों को लेकर आ रहे थे। देर रात करीब 11 बजे कार जैसे ही हजियापुर डेयरी के पास पहुंची, तभी सामने से आती बोलेरो ने जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे वहां कोहराम की स्थिति बन गई। खबर पर पुलिस व अन्य परिजन भी पहुंच गए। बाद में घायलों को जेएन मेडिकल कॉलेज जाया गया।
जहां सीमा के बहनोई हरिओम (35) पुत्र लख्मी निवासी रघूपुरा गौतमबुद्ध नगर, हरिओम का बेटा उज्जवल (7), सीमा की सगी बहन मंजू (15) को तड़के मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा हरिओम की पत्नी रेनू, बेटी लवी व सालपुर निवासी गिर्राज की बेटी आरती का इलाज चल रहा है। एसओ टप्पल के अनुसार बोलेरो सवार गाड़ी छोड़कर भाग गया है, जिसके चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर सेंट्रो को टक्कर मारने व तीन मौत होने संबंधी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एक साथ तीन मौतों से परिवार में कोहराम
इस हादसे में एक परिवार पर पूरी तरह कहर सा गिरा है। एक तरफ जहां रघूपुरा के हलवाई हरिओम व बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी व बेटी अभी जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं। अभी तक हरिओम की पत्नी को पति व बेटे की मौत की खबर नहीं सुनाई गई है। मगर परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं तीसरी जिस किशोरी की मौत हुई है, वह भी सीमा की सगी बहन है। उसकी मौत पर भी मां अन्य परिजनों का हाल बेहाल है। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को एक साथ यहां से ले जाया गया।
छोटी बहन की आज थी सगाई, शादी भी टली
गांव सालपुर की जिस सीमा की सगाई कर लौट रहे परिवार पर कहर बरपा है, उसकी छोटी बहन बबिता की आज बृहस्पतिवार को सगाई प्रस्तावित थी और परिजनों को सगाई चढ़ाने जेवर जाना था। मगर सगाई टल गई और दोनों बहनों के शुक्रवार को शादी कार्यक्रम पर भी अभी संशय है। परिजनों के अनुसार सीमा व बबिता की एक साथ शादी तय हुई थी। इसलिए एक ही साथ शादी का कार्यक्रम तय हुआ। सीमा की सगाई पलवल में तय हुई, जबकि बबिता की सगाई जेवर के युवक से बृहस्पतिवार को होनी थी। दोनों बहनों की बारात शुक्रवार को एक साथ आनी थी। मगर फिलहाल सगाई का कार्यक्रम टाल दिया गया है और अभी देर शाम तक बारात आने के कार्यक्रम पर भी संशय बरकरार है।