आरुषि के पिता और हत्यारोपी राजेश तलवार ने कहा है कि अगर किसी डायरेक्टर ने इस मामले पर फिल्म बनाने का प्रयास किया तो वह कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने के लिए अब तक किसी डायरेक्टर ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया है और न ही कोई परमिशन ली है। मामला सीबीआई कोर्ट में विचारधीन है, ऐसे में कोई कैसे फिल्म बना सकता है।
गौरतलब है कि वंस अपॉन अ टाइम इन मुंबईज् और द डर्टी पिक्चर के निर्देशक मिलन लुथरिया ने आरुषि की रहस्यमयी मौत पर फिल्म बनाने का फैसला किया है।
उल्लेखनीय है कि 14 साल की आरुषि 16 मई, 2008 को अपने घर में मृत पाई गई थी। उसकी हत्या की गई थी। उस दौरान उसके माता-पिता (नूपुर और राजेश तलवार) घर में थे। घर की छत पर तलवार दंपति के नौकर हेमराज की लाश भी बाद में पुलिस ने बरामद की थी।
लेकिन आज तक यह पता नहीं चल सका है कि आरुषि और हेमराज का हत्यारा कौन है? पुलिस और जांच एजेंसियां तलवार दंपति को संदिग्ध मान रही हैं। मामला अदालत में है।