ग्राम सैडभर में दहेज में बाइक मांगने पर वाजिदपुर से आई दो सगी बहनों की बारात को बंधक बना लिया गया। आरोप है कि दूल्हों के पिता ने अपने लिए दहेज में बाइक मांगी। इसके विरोध में सैडभर के लोगों की बारातियों के साथ मारपीट भी हुई।
मंगलवार सुबह गांव में इस मसले पर बैठी पंचायत में पंचों ने दहेजलोभियों के परिवार में लड़कियों की शादी करने से इंकार करने का फरमान सुनाया। पंचायत में दूल्हे के पिता पर तीन लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। पंचों ने कहा कि जुर्माना भरने तक बारात को गांव से नहीं जाने दिया जाएगा। पुलिस पंचायत के सामने मूकदर्शक बनी रही।
सैडभर गांव की दो बहनों का रिश्ता बड़ौत क्षेत्र के गांव वाजिदपुर के दो सगे भाइयों से तय हुआ। सोमवार शाम सैडभर गांव में बारात आई। बताया जाता है कि देर रात जब दुल्हनों की विदाई की रस्म हो रही थी, तभी दूल्हों के पिता ने दुल्हनों के परिजनों से अपने लिए दहेज में बाइक मांगी।
पूरी रात बारात को बनाए रखा बंधक
मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर वर और वधू पक्ष में कहासुनी हो गई। इस विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि घरातियों और बारातियों में मारपीट शुरू हो गई। इससे वहां पर हंगामा हो गया।
गांव के लोगों ने रात में ही बारात को बंधक बना लिया। पूरी रात बारात को बंधक बनाए रखा गया। लड़की के परिजनों ने उनके साथ शादी करने से इंकार कर दिया और पंचायत बुलाई गई। मंगलवार को क्षेत्र के 30 गांवों की पंचायत हुई।
पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद तय हुआ कि जब तक दूल्हों के पिता शादी में लगे तीन लाख रुपये नहीं देगा, तब तक बारात को गांव से नहीं जाने दिया जाएगा।
'प्लॉट बेचकर दे दूंगा रकम'
सूचना पर सीओ बागपत नरेंद्र प्रताप सिंह और सिंघावली अहीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनो पक्षों से बातचीत की। इस बारे में सीओ नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों पक्ष और गांव के लोग आपस में बैठकर समस्या का समाधान कर रहे हैं। यदि इस मामले में तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
दूल्हों के पिता इमरान का कहना है कि उसका मेरठ में प्लाट है। वह प्लाट बेचकर रकम दे देगा, लेकिन पंचायत उसकी बात पर सहमत नहीं है। पंचायत में ही प्लाट के ग्राहकों को बुलाया जा रहा है। शाम तक पंचायत जारी रही।