पिता अपनी संतान के लिए बहुत बड़ा संबल होता है, लेकिन उसके दिल-ओ-दिमाग में जब नफरत भर जाती है तो फिर वह उसकी जान का दुश्मन भी बन सकता है। और अगर वह सौतेला हो तो फिर नफरत की हदें आपकी सोच को भी बौना कर देंगी।
अमेरिका के उटा में एक सौतेले पिता की नफरत भरी दास्तां सामने आई है। बेटे की हत्या की ऐसी दर्दनाक कहानी जो पढ़कर आपका कलेजा कांप जाए।
34 वर्षीय नथाएल स्लूप और उसकी पत्नी पर 4 साले के बेटे ईथन को प्रताड़ित करने और उसकी क्रूरता से हत्या करने का आरोप है। दोनों ने उसकी मई 2010 में हत्या कर दी थी।
हफ पोस्ट में छपी खबर के अनुसार, बताया जाता है कि स्लूप ने बेटे को बाथटब के खौलते पानी में डाल दिया। फिर पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को हथौड़े से बुरी तरह कुचल दिया। नृशंस हत्या के बाद उसे उत्तरी उटा की पहाड़ियों में दफना दिया।
न्यायाधीश ग्लेन डाउसन ने गुरुवार को स्लूप के खिलाफ नृशंस हत्या और बाल उत्पीड़न का मुकदमा चलाने की इजाजत दी। सरकारी वकील ने बताया कि वह स्लूप को फांसी की सजा देने की मांग पर विचार कर रहा है।
वहीं, उसकी पत्नी स्टेफनी स्लूप को भी अपने बेटे की हत्या में भागीदार माना गया है। अभी उसके खिलाफ मुकदमे की सुनवाई होनी है।
मामले की सुनवाई के प्रारंभ में डॉ. एडवर्ड लेइस ने बताया था कि ईथन की मौत निमोनिया और बुरी तरह जलने से हुई थी। उसके जख्मों को देखकर लगा कि जैसे ईथन को किसी बाथटब के खौलते पानी में डाल दिया गया हो।