अगले सप्ताह अंतर मंत्रालयी समूह (आईएमजी) की दो दिवसीय बैठक हो सकती है, जिसमें पहले दिन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों (पीएसयू) को आवंटित 13 कोयला खानों के भाग्य का फैसला होगा। इन कंपनियों में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम तथा आंध्र प्रदेश बिजली उत्पादन निगम शामिल हैं।
कोयला मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि अंतर मंत्रालयी समूह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को आवंटित 13 कोयला खानों के बारे में 30 अक्तूबर को सिफारिश कर सकता है। इसके अगले दिन 31 अक्तूबर को आईएमजी 20 कोल ब्लॉकों के लिए सिफारिश करेगा। आईएमजी बैठक के दूसरे दिन जिन कंपनियों को आवंटिक कोल ब्लॉक के बारे में सिफारिश करेगा उनमें नाल्को, एमएमटीसी तथा अन्य कंपनियां शामिल हो सकती हैं।
कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने हाल ही में कहा था कि अंतर मंत्रालयी समूह निजी कंपनियों को आवंटित कोल ब्लॉकों की समीक्षा कर चुका है। साथ ही उन्होंने कहा था कि समूह सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को आवंटित कोल ब्लॉकों की सुनवाई पूरी कर चुका है और अब वह 30 और 31 अक्तूबर को इनकी समीक्षा करेगा।