मशहूर तेलुगू अभिनेता रंगनाथ उर्फ तिरुमाला सुंदर श्रीरंगनाथ ने शनिवार को हैदराबाद स्थित अपने निवास पर कथित तौर पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि 66 वर्षीय अभिनेता की दो बेटियां और एक बेटा है।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक रंगनाथ के परिजनों ने बताया कि कुछ साल पहले पत्नी की मौत के बाद से वह खुद को अकेला महसूस कर रहे थे और तनाव में चल रहे थे। उनके किचन पर ‘डेस्टिनी’ (मुकद्दर) शब्द लिखा मिला है।
पुलिस ने बताया कि अभिनेता के घर में काम करने वाली नौकरानी शनिवार शाम को उनके घर पर आई। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने इसकी जानकारी पड़ोसियों और अभिनेता की बेटी को दी। इसके बाद घर का दरवाजा तोड़ा गया, तो रंगनाथ फंदे पर लटके मिले।
चेन्नई में जन्मे रंगनाथ ने 300 से ज्यादा फिल्मों और कई टेलीविजन सीरियल में किरदार निभाया। 1969 में सिनेमा जगत में प्रवेश करने से पहले रंगनाथ ने भारतीय रेलवे में काम किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।