आंध्र प्रदेश की सियासी डिक्शनरी में ‘फैमिली पैक’ शब्द बड़ी तेजी से प्रचलित हो रहा है। इस बार के चुनाव में हर राजनीतिक परिवार का लगभग पूरा का पूरा कुनबा ही भाग्य आजमा रहा है और इसके लिए ‘फैमिली पैक’ से बेहतर कोई शब्द नहीं है।
फिलहाल राज्य में भारतीय जनता पार्टी ही इस फैमिली पैक के एक मात्र अपवाद के रूप में उभर रही है।
इस लिस्ट में सबसे ऊपर वाईएस जगनमोहन रेड्डी के परिवार का नाम है। वह, उनकी मां विजयम्मा और मामा पी रवींद्रनाथ रेड्डी सहित कुल छह लोग उनके परिवार से चुनाव में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जगन के जेल जाने के दौरान बारिश और तपती धूप में पार्टी का प्रचार करने वाली उनकी बहन चुनाव नहीं लड़ रही हैं।
चंद्रशेखर राव के बेटा, बेटी और भतीजा लड़ रहे चुनाव
रेड्डी परिवार के जैसा ही हाल टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव के परिवार का भी है। राव, उनकी बेटी कविता, बेटा केटी रामा राव और भतीजा या तो लोकसभा या विधान सभा का चुनाव लड़ रहे हैं।
राज्य के अन्य दल तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू जहां कुप्पम से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं वहीं उनके साले और पार्टी के संस्थापक एनटी रामा राव के बेटे एन बालकृष्णन हिंदूपुर विधानसभा क्षेत्र से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष बी सत्यनारायण भी इन लोगों से पीछे नहीं हैं। कम से कम उनके परिवार के पांच सदस्यों को इस बार पार्टी ने टिकट दिया है।
चिरंजीवी के भाई ने मोदी को अपना समर्थन दिया
बी सत्यनारायण की पत्नी बी झांसी जहां लोकसभा के लिए वहीं खुद तथा उनके दो भाई विधानसभा के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वास्तव में कांग्रेस इस वक्त प्रत्याशियों को लेकर सबसे ज्यादा निराशाजनक दौर से गुजर रही है।
यही कारण है कि इस वक्त जो भी टिकट मांग रहा है उसे टिकट दे रही है। वह भी इस बात की परवाह किए बिना कि टिकट मांगने वाला किसी नेता का रिश्तेदार है या नहीं।
केंद्रीय मंत्री पी लक्ष्मी ने अपने पति के लिए और एक अन्य केंद्रीय मंत्री के सूर्यप्रकाश अपनी पत्नी के लिए भी टिकट हासिल करने में कामयाब रहे। इस संदर्भ में अभिनेता से राजनेता और बने केंद्रीय मंत्री चिरंजीवी को जरूर झटका लगा और उनके अभिनेता भाई पवन कल्याण ने मोदी को अपना समर्थन दे दिया।
केंद्र में तीसरे मोर्चे को समर्थन देंगे चंद्रशेखर राव
आखिरी समय में गठबंधन न करके कांग्रेस को झटका देने वाले टीआरएस प्रमुख के चंद्रशेखर राव ने केंद्र में तीसरे मोर्चे को समर्थन देने की घोषणा करके सबको चौंका दिया है।
राव ने कुछ समय पहले ही इस बात का इशारा दिया था कि कांग्रेस के साथ पार्टी के गठबंधन की संभावना अभी खत्म नहीं हुई है।
लेकिन अब निश्चित तौर पर उन्होंने अपना विचार बदल दिया है, क्योंकि किसी भी ओपिनियन पोल में कांग्रेस को सत्ता मिलती नहीं दिख रही है।
चुनावी मैदान में किसके कितने रिश्तेदार
जगनमोहन रेड्डीः खुद, उनकी मां विजयम्मा, मामा पी रवींद्रनाथ रेड्डी समेत परिवार के कुल छह लोग
के चंद्रशेखर रावः राव खुद, उनकी बेटी कविता, बेटा केटी रामा राव और भतीजा चुनाव मैदान में
चंद्रबाबू नायडू: खुद तथा साले व पार्टी के संस्थापक एनटी रामा राव के बेटे को दिया टिकट
बी सत्यनारायण: कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के कम से कम पांच रिश्तेदार इस बार लड़ रहे चुनाव