लोगों को जोड़ने का जरिया बने फेसबुक ने दो सहेलियों को एक दूसरे का दुश्मन बना दिया। किसी ने एक सहेली के नाम से फर्जी आईडी बनाकर दूसरी को अश्लील मैसेज भेज दिए। इसके बाद सहेली ने उसके खिलाफ पुलिस से शिकायत कर दी। पुलिस ने भी छात्रा को मानसिक रूप से इतना प्रताड़ित किया कि उसे अस्पताल ले जाना पड़ा। मामले की शिकायत एसएसपी से करने पर इसकी जांच सीओ सिविल लाइन को सौंपी गई है।
एक निजी बीमा कंपनी में कार्यरत महिला अधिकारी अपने अधिवक्ता के साथ बुधवार को एसएसपी आवास पहुंची। उन्होंने बताया कि मेरी बेटी की एक सहेली थी, जिससे उसका काफी मेलजोल था। कुछ दिन पहले उनकी बेटी से एक अज्ञात युवक ने मोबाइल फोन पर अभद्र व्यवहार किया। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। पुलिस ने आरोपी का नाम पता मालूम करने के बाद उसे सख्त हिदायत दी थी, तब से फोन नहीं आया।
महिला ने बताया कि इसके बाद किसी व्यक्ति ने फेसबुक पर मेरी बेटी की आईडी से फर्जी एकाउंट बनाया और उसकी सहेली को अश्लील मैसेज भेज दिए। इसको लेकर बेटी की सहेली ने काफी नाराजगी जताई और उसके माता पिता ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में कर दी। महिला का कहना है कि उनकी बेटी ने फेसबुक पर ऐसा कोई कमेंट नहीं डाला, जिससे उसकी बेटी की सहेली को आघात पहुंचे।
महिला का आरोप है कि सिविल लाइन थाने पर तैनात एक कांस्टेबल उनके घर पहुंचा और मेरे तथा मेरी बेटी से अभद्र व्यवहार किया। धमकी दी कि तुम्हें जेल भेज दूंगा। महिला ने बताया कि कांस्टेबल की धमकी के कारण उसकी बेटी को इतना गहरा मानसिक आघात लगा कि वो रात में ठीक से सो भी नहीं पा रही है। इस कारण उसका उपचार कराना पड़ा। एसएसपी के. सत्यनारायणा ने मामले की गंभीरता से जांच कराने के लिए सीओ सिविल लाइन को निर्देश दिया है।