राजधानी दिल्ली से 211 किलोमीटर की दूरी पर एक ऐसा गांव है जहां पर अधिकतर लोगों ने अपनी आंखें दान करने का फैसला किया है।
हरियाणा के यमुनानगर से 10 किलोमीटर दूर कानालसी गांव में अधिकतर लोगों ने अपनी आंखों को दान करने का फैसला किया है। कानालसी गांव में 250 परिवार हैं जिसकी कुल जनसंख्या करीब 2500 है।
200 बच्चे भी करेंगे आंखें दान
गांव के कुल 2500 लोगों में से 1500 लोगों से ज्यादा लोग अपनी आंखें दान कर करने का फैसला कर चुके हैं। इनमें से 200 तो सिर्फ बच्चे ही हैं।
गांव के निवासी अनिल शर्मा ने बताया कि हमारे गांव में सबसे पहले हमारी मां ने अपनी आंखें दान करने का फैसला किया था। मां के निधन के बाद स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर दिया था।
टीएनएन न्यूज नेटवर्क के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग ने जल्द ही सारी प्रक्रिया पूरी कर ली थी। अनिल शर्मा ने बताया कि उस समय हमारे रिश्तेदारों ने आंख दान करने का विरोध भी किया था।
आंखें दान करने को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए सभी लोगों ने आंख दान करने के हस्ताक्षर युक्त फॉर्म को डिस्प्ले के तौर पर अपने घर के कमरों में लगाया है। इसके जरिए और अधिक लोगों को इस अभियान में शामिल करने की योजना है।