अपनी पत्नी के साथ घरेलू झगड़े को लेकर उपजे विवाद को खत्म करने के उद्देश्य से केरल के पूर्व मंत्री केबी गणेश कुमार कोर्ट के बाहर ही समझौता करने को तैयार हैं। साथ ही उन्होंने अपनी पत्नी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर भी खेद प्रकट किया।
एक प्रेस कांफ्रेंस में गणेश कुमार ने खेद व्यक्त करते हुए मीडिया से अपील करते हुए कहा कि वह उनके बच्चों के भविष्य के बारे में बहस करना बंद करे। उन्होंने कहा कि मैं अपनी पत्नी यामिनी के खिलाफ दर्ज मामले को भी वापस ले रहा हूं।
पिछले हफ्ते उनकी घरेलू लड़ाई उस समय सार्वजनिक हो गई थी, जब गणेश कुमार ने कोर्ट में तलाक की याचिका दाखिल करते हुए कहा था कि उनकी पत्नी उसके साथ दुर्व्यवहार करती है।
जवाब में यामिनी ने भी पूर्व मंत्री के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज करा दिया था, जिसके चलते गणेश कुमार को एक अप्रैल को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। क्राइम ब्रांच दोनों आरोपों की जांच करने में जुटी हुई है।
इस मुद्दे पर सियासी रंग चढ़ते हुए भी देर नहीं लगी और विपक्षी टीम ने मुख्यमंत्री ओमान चांडी तक का इस्तीफा मांग लिया था। उनका कहना था कि सीएम घरेलू हिंसा में शामिल अपने मंत्री का बचाव कर रहे हैं।
प्रस्तावित नए समझौते के मुताबिक गणेश कुमार की संपत्ति का बड़ा हिस्सा यामिनी और उनके दो बच्चों को मिलेगा।