चलती बस में दरिंदगी की घटना को लोग भूले भी नहीं हैं कि दक्षिण दिल्ली में हैवानियत का एक और मामला सामने आया है। गनीमत यह रही कि दरिंदा अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका, लेकिन दुष्कर्म के प्रयास का विरोध करने पर उसने छात्रा के मुंह में लोहे का पाइप घुसा दिया। यह घटना लाजपत नगर इलाके में हुई।
पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बहादुरी दिखाने वाली 11वीं की छात्रा एम्स में भर्ती है। पुलिस के मुताबिक 19 वर्षीय छात्रा सोमवार रात घर में अकेली थी। करीब साढ़े आठ बजे इलेक्ट्रीशियन अनिल कुमार (26) उसे अकेला पाकर घर में घुस गया और छेड़छाड़ करने लगा। आरोपी ने छात्रा के कपड़े तक फाड़ दिए। हाथापाई करने पर उसने छात्रा की पिटाई की।
छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए लोहे के पाइप से उसके सिर पर वार कर दिया। इस पर गुस्साए आरोपी ने पाइप छीनकर छात्रा के मुंह में घुसा दिया। छात्रा की आवाज सुनकर पड़ोसी जमा हो गए, लेकिन आरोपी फरार हो गया। लाजपत नगर थाना पुलिस ने कई टीमें बनाकर रात भर छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वारदात के समय आरोपी शराब के नशे में था। पुलिस ने उस पर दुष्कर्म व हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
छात्रा को एम्स में भर्ती कराया गया है। आरोपी ने पाइप उसके गले में काफी अंदर तक डाल दिया था। चिल्लाने के बाद वह बेहोश हो गई थी और मौके पर ही काफी खून बह गया था। उसके मुंह में टांके लगाकर गले की सर्जरी की गई। मंगलवार तड़के होश आने के बाद उसके बयान लिए गए। उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही है इसलिए अलग से नली लगाई गई है। मालूम हो कि चलती बस में गैंगरेप की घटना में भी युवती के साथ लोहे की रॉड से बर्बरता की गई थी।