कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी जंग में रविवार को भाजपा पर अप्रत्यक्ष वार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के रिश्तेदारों द्वारा किए गए भ्रष्टाचार और गलत कामों के पुख्ता सुबूत हैं, लेकिन पार्टी कभी भी इनका इस्तेमाल इन नेताओं को शर्मिंदा करने के लिए नहीं करेगी।
सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा, रियल एस्टेट की देश की सबसे बड़ी कंपनी डीएलएफ और हरियाणा सरकार द्वारा जमीनों के सौदे में भ्रष्टाचार के आरोपों से जुड़े सवालों के जवाब में ये बातें कही। सोनिया गांधी के कारण वाड्रा को अपने बिजनेस में लाभ मिलने के सवाल पर कांग्रेस नेता ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष वाड्रा की ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ नहीं हैं जो उनकी बढ़ती संपत्ति का हिसाब-किताब रखें।
अपने बारे में भी उन्होंने यही तर्क रखा। उन्होंने कहा कि ऐसी ही कई बातें थीं, जो एनडीए के शासनकाल में सामने आई थीं, लेकिन कांग्रेस ने उनका राजनीतिक इस्तेमाल नहीं किया। एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में दिग्विजय ने कहा, ‘हम कभी ऐसी बातों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। अगर वे कहते हैं कि मेरे पास (वाजपेयी और आडवाणी के परिजनों के खिलाफ) सबूत नहीं हैं तो वे गलत हैं।’
दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनके पास ऐसे सुबूत हैं जो इन नेताओं के लिए शर्मिंदगी का सबब बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि नेता भी इंसान हैं... वे कोई भगवान नहीं हैं...। नेता हमेशा अपने रिश्तेदारों पर नजर नहीं रख सकते कि कौन क्या कर रहा है। ऐसे में मैं किसी से शिकायत नहीं करता। विपक्षी दलों के नेताओं के परिजनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के सुबूत होने पर उन्हें पेश नहीं करने के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि इन सारी बातों के देखने और भ्रष्टाचार को रोकने के लिए हमारे पास एक व्यवस्था है।
वाड्रा के खिलाफ भूमि सौदों को लेकर आरोपों पर दिग्विजय ने कहा कि अपनी जमीन के कागजात दुरुस्त करा लेना कोई अपराध नहीं है। वाड्रा मामले में बहुत तेजी से कैसे फाइलों के आगे बढ़ने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव ने कहा कि तेजी से काम होने पर तो आपको तारीफ करनी चाहिए। यह कोई बुरी बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि आप वाड्रा की आड़ लेकर सोनिया गांधी पर हमला नहीं कर सकते। सिंह ने कहा, ‘मैं राजनेता हूं और मेरे परिजन और रिश्तेदार क्या कर रहे हैं यह देखना मेरे काम के दायरे में नहीं आता।’ दिग्विजय के अनुसार, ‘वाड्रा एक अच्छे परिवार से आते हैं। वे कोई ऐसे व्यक्ति नहीं हैं जिनके पास प्रियंका गांधी से विवाह के पूर्व संपत्ति नहीं थी।’
उन्होंने कहा, ‘किसी ने 10 साल पहले हरियाणा में जमीन खरीद रखी थी तो आज उसकी कीमत 100 गुना बढ़ चुकी है। ऐसे में उस पर आरोप लगाना गलत है।’ हरियाणा के आईएएस अफसर अशोक खेमका द्वारा वाड्रा के भूमि सौदों की जांच के आदेश पर दिग्विजय ने कहा, ‘क्या वाड्रा ने इस पर कोई शिकायत की है? अत: उन्हें कैसे घेरा जा सकता है?’ वैसे दिग्विजय ने माना कि वाड्रा द्वारा देश को ‘बनाना रिपब्लिक’ कहना गलत था।
... तो उन्हें शर्मिंदा होना पड़ेगा
- मेरा पास पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के परिजनों के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामले में पुख्ता सुबूत है। ये सुबूत इतने ठोस हैं कि इन नेताओं के लिए शर्मिंदगी का सबब बन सकते हैं। --- दिग्विजय सिंह, कांग्रेस महासचिव