राज्यसभा में विपक्ष के नेता भाजपा के अरुण जेटली ने कहा है कि उनकी पूरी पार्टी नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। यही कारण है कि पार्टी के अधिक से अधिक नेता उनके समर्थन में गुजरात चुनाव प्रचार के मैदान में उतरे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘कई नेता मोदी के समर्थन में रैलियां संबोधित कर रहे हैं। हम यहां ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।’ गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण से पूर्व रविवार और सोमवार को भाजपा की 87 रैलियां हैं।
गुजरात में भाजपा अपने बागी नेताओं का भी सामना कर रही है। वरिष्ठ नेता पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल अलग पार्टी बना चुके हैं। इस पर जेटली ने कहा, ‘जनता पार्टी छोड़ कर अलग होने वाले लोगों को स्वीकार नहीं करेगी। ये वैचारिक मतभेदों से नहीं बल्कि निजी कारणों से दूर हुए हैं। इन्हें पछताना पड़ेगा।’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विरोधी दल के पास मोदी के कद का कोई नेता ही नहीं है। प्रधानमंत्री पद पर मोदी की दावेदारी के सवाल पर जेटली ने कहा कि उनका कद बढ़ कर राष्ट्रीय स्तर के नेता का हो चुका है लेकिन पार्टी सही समय आने पर ही यह फैसला करेगी कि भविष्य में उन्हें कौन सी जिम्मेदारी दी जाए।