वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच की सज्जा में लगे एक माली की करंट लगने से हुई एक मौत के कुछ घंटे बाद सीआरपीएफ जवानों की करतूत ने एक इंजीनियर को भी अस्पताल पहुंचा दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम डीएलडब्ल्यू में था जहां उन्हें कई परियोजनाओं का उद्घाटन करना था लेकिन भारी बारिश और माली की मौत के बाद उनका कार्यक्रम रद्द हो गया।
प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम में सुरक्षा के लिए तैनात सीआरपीएफ की हरकत ने एक इंजीनियर को घायल कर दिया और उसे अस्पताल में दाखिल कराना पड़ा। सीआरपीएफ के जवान आज कार्यक्रम स्थल से लौट रहे थे। जैसे ही उनके वाहन भिखारीपुरा पहुंचे, पुलिस ने उन्हें प्रतिबंधित होने की वजह से आगे जाने से रोका।
इस बात पर गुस्साए सीआरपीएफ के जवानों ने बैरियर को तोड़ दिया और बैरियर गिरने से डीएलडब्ल्यू का एक इंजीनियर जख्मी हो गया। उसके हाथ-पैर टूट गए और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।