उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित समाजवादी एंबुलेंस के कर्मचारियों ने मानवता को शर्मसार कर दिया। झुलसे बेटे को अभी एक मां एंबुलेंस से उतार भी नहीं पाई थी की कर्मियों ने एंबुलेंस धोने का फरमान सुना दिया।
बेटे की तड़प का हवाला देकर वह किसी तरह जिला अस्पताल में भर्ती कराने दौड़ी। इमरजेंसी में डॉक्टरों ने अभी देखना शुरू ही किया था कि ड्राइवर ने फिर उलाहना दिया।
बेटे को तड़पता छोड़कर आंखों में आंसू लिए मां एंबुलेंस धोने चली गई। वापस इमरजेंसी में पहुंची तो डॉक्टरों ने बेटे की हालत गंभीर बताई और दिल्ली रेफर कर दिया।
एमएस डॉ. वीर सिंह ने कहा कि संचालन और मेंटेनेंस का खर्च सरकार दे रही है। तीमारदार की यह जिम्मेदारी नहीं है। यह घोर आपत्तिजनक और पीड़ाजनक है। इस एंबुलेंस का पता लगाया जाएगा। सीएमओ से बात की जाएगी और उक्त एंबुलेंस स्टाफ को हटवाया जाएगा।