कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब भाजपा के पीएम पद के दावेदार नरेंद्र मोदी पर भी चुनाव आयोग का बम गिरा है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ में एक चुनावी सभा के दौरान 'खूनी पंजे' शब्द का इस्तेमाल किया था, जिस पर कांग्रेस ने कड़ा एतराज जताते हुए चुनाव आयोग के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
चुनाव आयोग ने मोदी को 16 नवंबर को शाम पांच बजे तक नोटिस का जवाब देने का निर्देश दिया है। छत्तीसगढ़ रैली में मोदी ने कांग्रेस के चुनाव चिन्ह 'हाथ' की तुलना 'खूनी पंजे' से की थी।
इस बयान के बाद मोदी पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का इल्जाम लगा था और कांग्रेस ने उनकी शिकायत की। इससे पहले राहुल गांधी को भी चुनाव आयोग ने नोटिस जारी किया था।
राहुल गांधी ने चुनावी रैलियों के दौरान कहा था कि उन्हें इंटेलिजेंस के एक अधिकारी ने बताया था कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने मुजफ्फरनगर के दंगा पीड़ितों से संपर्क साधा है।
इस बारे में शिकायत भाजपा की ओर से की गई थी और चुनाव आयोग की ओर से राहुल को नोटिस जारी किया। राहुल ने जवाब में कहा था कि वह अपनी पार्टी की रणनीति के बारे में कह रहे थे और वह साम्प्रदायिक बयान नहीं था।
लेकिन चुनाव आयोग ने मंगलवार को उनके जवाब पर भी नाराजगी जाहिर की। आयोग ने कहा कि वह राहुल के जवाब से संतुष्ट नहीं है।