नेपाल को अभी भी मदद की दरकार है। पूरा देश बुरी तरह से टूट चुका है। हर तरफ से मदद आ रही है और लोग नेपाल में आये विनाशकारी भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना जता रहे हैं।
इसी क्रम में आठ साल के नीव सराफ ने अमेरिका में नेपाल की के लिए 26,000 डॉलर इकट्ठा किए हैं। मैरी लैण्ड के सराफ को जब नेपाल की त्रासदी के बारे में बात पता चली तो उसने अपने माता पिता से पूछा कि क्या वो अपने बचत से नेपाल को कुछ रूपये भेज सकता है?
लेकिन सराफ यही नहीं रूका। उसने अपने दोस्तों से बात की और उनके परिवारीजनों से भी संपर्क किया कि वो भी नेपाल के लिए दान कर सकें।
मेरी मातृभूमि कराह रही है
उन्होंने अमेरिकन नेपाल मेडिकल फाउंडेशन से अपना संपर्क साधा और उनके साथ मिलकर सराफ की परोपकारी सोच को आगे बढ़ाने में सभी लग गए।
नेपाल के लोगों की मदद के लिए बनाई गई वेबसाइट पर सराफ ने लिखा है कि " नेपाल वो जगह है जहां मेरे घर के लोगों ने अपना बचपन बिताया है।"
"मेरी मातृभूमि मदद के लिए कराह रही है, इसलिए जो भी मदद कर सकता है वो जरूर करे।" सराफ ने ये भी लिखा है कि "हर समय वहां नया अध्याय लिखा जा रहा है। अभी भी वहां कई लोगों तक मदद पहुंचनी बाकी है।"
26,675 डॉलर अकेले इकट्ठा किए
सराफ ने नेपाल के लिए इकट्ठा किए जा रहे मदद की शुरूआत अपने गुल्लक में 384 डॉलर देकर की। सराफ और उनकी टीम में 27,276 डॉलर इकट्ठा किए, जिसमें 26,675 डॉलर खुद सराफ ने अकेले इकट्ठा किया है।
बतातें चले कि बीते माह नेपाल में 7.9 रिक्टर स्केल के भूकंप ने नेपाल को तबाही के मुंहाने पर लाकर खड़ा कर दिया है। इसमें अब तक 8000 से ऊपर जाने जा चुकीं हैं और 16,000 के आस पास लोगों के घायल होने की खबर है।