मौसम के अचानक तेवर बदलने से जाती हुई ठंड एक बार फिर लौट आई है। उत्तर प्रदेश में बारिश के कारण हुए हादसों व बिजली की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत हो गई।
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात से उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है। हिमाचल में बर्फ बारी और बारिश से लगभग 30 प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। उत्तराखंड में भी बारिश व बर्फबारी से लोगों परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विज्ञान केंद्र मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम ने करवट लगी है।
यूपी में गोरखपुर और बस्ती मंडल में बृहस्पतिवार को अचानक मौसम ने तेवर बदले। बारिश व बूंदाबांदी के दौरान बिजली गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में सिद्धार्थनगर, संतकबीर नगर, महराजगंज और देवरिया के लोग शामिल हैं।
इनके अलावा अंबेडकरनगर व बहराइच में भी दो लोगों की बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। जम्मू-कश्मीर में ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा हिमपात होने से तापमान लुढ़क गया। लेह और कारगिल में अभी भी न्यूनतम पारा शून्य से नीचे जारी है। हिमाचल में बर्फ बारी और बारिश से लगभग 30 प्रमुख सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। प्रदेश के कई हिस्सों में बिजली की सप्लाई भी बाधित रही। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बृहस्पतिवार सुबह करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
सैंज घाटी की रोपा-शांघड़ सड़क भारी बारिश से हुए भूस्खलन से बंद हो गई। उत्तराखंड में पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा की चोटियों पर दो दिन से जमकर बर्फबारी हो रही है। धारचूला तहसील में गर्ब्यांग से आगे लिपुलेख तक कैलास मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग पूरी तरह बर्फ से पट गया है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. आनंद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को मौसम सामान्य बना रहेगा लेकिन शनिवार से फिर बादलों की आवाजाही होने लगेगी।