यूपी के शाहजहांपुर में नेशनल हाईवे पर नगरिया मोड़ के पास मंगलवार दोपहर करीब दो बजे ओवरलोड टाटा मैजिक गाड़ी और सेना के डोगरा रेजीमेंट के ट्रक की आमने-सामने की भिड़ंत में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दस लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक है। मृतकों में दो महिलाएं, चार पुरुष, एक बालक और एक बच्चा शामिल है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मृतकों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषण की है। सेना के ट्रक के चालक रितु दमन को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शाहजहांपुर में बरेली मोड़ से टाटा मैजिक गाड़ी15-16 सवारियां भरकर तेज रफ्तार से तिलहर जा रही थी। नगरिया मोड़ के पास प्रधान ढाबा के सामने टाटा मैजिक बरेली की तरफ से आ रहे डोगरा रेजीमेंट (राजस्थान) के ट्रक से भिड़ गई।
ट्रक अपनी बटालियन के साथ राजस्थान से फैजाबाद जा रहा था। बताते हैं कि ट्रक अपनी साइड पर चल रहा था मगर टाटा मैजिक दूसरे वाहनों से आगे निकलने की होड़ में थी। दोनों वाहनों में टक्कर इतनी तेज हुई कि मैजिक गाड़ी सड़क पर कई पलटी खा गई।