आंध्र प्रदेश में विजयनगरम से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर गोटलाम स्टेशन के रेलवे यार्ड में शनिवार शाम को हुई एक रेल दुर्घटना में 10 यात्रियों की मौत हो गई।
यात्रा करने वाली ट्रेन में आग लगने की अफवाह के कारण बराबर वाली पटरी पर कूदे 10 यात्रियों को दूसरी तरफ से आ रही एक रेलगाड़ी ने कुचल दिया। इस हादसे में 10 लोग घायल भी हुए हैं।
पूर्वी तटीय रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि शाम करीब 6.50 बजे एलाप्पी से धनबाद जा रही बोकारो एक्सप्रेस की एक बोगी में आग लगने की अफवाह फैल गई। इसके बाद यात्रियों ने आपातकालीन चेन खींचकर रेलगाड़ी को रुकवा दिया। वे तेजी से बराबर वाली पटरी पर कूदने लगे।
तभी सामने से आ रही रायगड़ा-विजयवाड़ा सवारी गाड़ी ने उन्हें कुचल दिया। इस हादसे में 10 लोग की मौत हो गई। अंधेरा होने के कारण यात्री ट्रेन को नहीं देख पाए। प्रवक्ता ने बताया कि घटना स्थल के लिए वरिष्ठ अधिकारी रवाना हो गए।
रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे ने घटना को दुखद बताते हुए अधिकारियों को घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। घटना की जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं।