नई दिल्ली स्थित महाराष्ट्र सदन घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में एनसीपी नेता व पूर्व मंत्री छगन भुजबल के भतीजे पूर्व सांसद समीर भुजबल को ईडी ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया, इससे भुजबल परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
इससे पूर्व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उनके परिवार के कई ठिकानों पर छापेमारी की। ईडी को भुजबल परिवार के 62 बैंक खातों का भी पता चला है। वहीं एनसीपी ने राजनीतिक बदले का आरोप लगाते हुए इसे भाजपा के इशारे पर हुई कार्रवाई बताया है।
ईडी ने समीर से छह घंटे तक पूछताछ की, बताया जा रहा है कि वह एजेंसी को सहयोग नहीं कर रहे थे, इसके बाद एजेंसी ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों के अनुसार समीर को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक एक दर्जन से अधिक अधिकारियों की टीम ने सोमवार को मुंबई में छगन भुजबल, उनके बेटे पंकज भुजबल और भतीजे समीर भुजबल के घर तथा दफ्तरों सहित नौ ठिकानों पर छापे मारे। यह कार्रवाई देर शाम तक चली।