महाराष्ट्र और हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनावों की घोषणा चुनाव आयोग ने कर दी है। हरियाणा और महाराष्ट्र में 15 अक्टूबर को चुनाव होंगे। एक दिन में सारे चुनाव करा लिए जाएंगे। महाराष्ट्र में 288 सीटों पर चुनाव होने हैं जबकि हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव होगा।
मुख्य चुनाव आयोग प्रमुख वी.एस.संपथ ने बताया कि महाराष्ट्र में 8 करोड़ 25 लाख वोटर हैं, वहीं हरियाणा में 1 करोड़ 61 लाख वोटर हैं। हरियाणा में 16244 पोलिंग स्टेशन और महाराष्ट में 90,403 पोलिंग स्टेशन पर वोट डाले जाएंगे।
20 सितंबर को इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। 27 सितंबर तक उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 1 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपने नामांकन वापस ले सकेंगे। 15 अक्टूबर को चुनाव होंगे। एक दिन में सारे चुनाव करा लिए जाएंगे।
वहीं 19 अक्टूबर को दोनों राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ जाएंगे।