उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड में कई स्थानों पर मंगलवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर आए इन झटकों की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.8 मापी गई।
श्रीनगर, नई टिहरी, चंबा, मसूरी में भी इस तीव्रता के झटकों की वजह से दहशत फैल गई। लोग अपने घर-दुकानों से बाहर निकल आए। उत्तरकाशी के आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल के अनुसार झटकों की वजह से उत्तरकाशी के कई मकानों में दरार आने और दीवार ढहने की सूचना है।
श्रीनगर में भी मंगलवार शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके चलते लोग सहमे-सहमे नजर आए। गढ़वाल विवि के भू-गर्भ विज्ञानी डा. एसपी सती ने बताया कि भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी रैथल गांव से उत्तर की ओर था।
नई टिहरी और चंब में भी भूंकप के झटके की वजह से आस-पास के इलाकों में दहशत फैल गई। अलबत्ता झटकों की वजह से जिले में जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। भूकंप पर शोध कर रहे एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के प्रो.आरसी रमोला के अनुसार भूकंप की तीव्रता चार से अधिक दर्ज की गई। डीएम डा.रंजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि भूकंप के झटके से जिले में कही कोई नुकसान नहीं हुआ है।
पहाड़ों की रानी मसूरी में भी मंगलवार शाम करीब पौने छह बजे भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही कई लोग दुकानों और घरों से बाहर निकल आए। हालांकि कई ऐसे भी थे, जिन्हें भूकंप महसूस ही नहीं हुआ। देर शाम तक लोगों में भूकंप ही चर्चा का विषय बना रहा।