बात-बात में खुद को आम आदमी कहने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल किसी साधारण मकान में नहीं रहेंगे।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार, उनके रहने के लिए भगवान दास रोड पर दो बड़े डुप्लेक्स आवंटित किए गए हैं जो मोतीलाल नेहरु मार्ग स्थित पूर्व मुख्यमंत्रियों के निवास जैसा ही भव्य और विशाल तो नहीं है लेकिन कम से कम ऐसा भी नहीं है जिसे आम आदमी के घर जैसा कहा जाए।
ऐसा कहा जा रहा है कि इतना बड़ा बंगला दिल्ली के लुटियंस जोन में सुप्रीम कोर्ट के जजों और केंद्रीय मंत्रियों को आवंटित किए जाते हैं।
9000 वर्गफीट में फैला है सीएम का भवन
भगवान दास रोड पर सीएम अरविंद केजरीवाल को जो डुप्लेक्टस आवंटित किया गया है वह मैदान सहित 9,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला है। दोनों डुप्लेक्स 6.000 वर्ग फीट क्षेत्र में बने हैं।
एक दूसरे से जुड़े दोनों डुप्लेक्स में पांच-पांच बेडरूम हैं और लॉन हैं। केजरीवाल को दो बड़े भवन आवंटित किए जाने के बाद विपक्षी दलों को उन पर हमला बोलने का एक और मुद्दा हाथ लगा है।
अरविंद केजरीवाल यह वादा दोहराते रहे हैं कि वह आम आदमी की तरह साधारण फ्लैट में रहेंगे। फिलहाल सीएम गाजियाबाद के कौशांबी में अपने परिवार के साथ भारतीय राजस्व सेवा से मिले फ्लैट में रह रहे हैं।
परिवार के साथ शिफ्ट होंगे केजरीवाल
आप के सूत्रों के अनुसार, केजरीवाल इन दो डुप्लेक्स में से एक में रहेंगे और दूसरे को उनके कैंप कार्यालय में बदला जाएगा। सीएम अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी, दो बच्चों और माता-पिता के साथ डुप्लेक्स में शिफ्ट करेंगे।
सीएम इस डुप्लेक्स में कब शिफ्ट करेंगे, फिलहाल इसके लिए कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है।
शहरी विकास मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इन दोनों डुप्लेक्स की चाबी दिल्ली सरकार को सौंप दी गई है ताकि सफाई के बाद जल्दी से जल्दी केजरीवाल यहां शिफ्ट हो सकें।
'आप' ऑफिस और सचिवालय के नजदीक है यह घर
शहरी विकास मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि दिल्ली सरकार के अनुरोध पर बुधवार को ये डुप्लेक्स सीएम निवास के लिए आवंटित किए गए हैं। आवंटन से पहले सीएम के परिवार के सदस्य निवास को देखने आए थे।
इन दो डुप्लेक्स के बीच बने बाउंड्री वाल को हटाकर इनको एक किया जा सकता है। शीला दीक्षित को छोड़ दिल्ली के अन्य सभी सीएम के रहने के लिए शाम नाथ मार्ग स्थित बंगला आवंटित किया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निवास के लिए सेंट्रल पूल के पास एक बड़ा बंगला दिया गया था।
केजरीवाल का नया आशियाना सीएम के विधानसभा क्षेत्र नई दिल्ली में है। साथ ही यह घर दिल्ली सचिवालय और कनॉट प्लेस स्थित आम आदमी पार्टी कार्यालय के नजदीक है।