बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से राजस्थान में किसानों की आत्महत्याओं का सिलसिला समाप्त होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में अब तक 50 से ज्यादा किसानों की सदमें व आत्महत्या के कारण मृत्यु हुई है।
किसानों की आत्महत्याओं को कांग्रेस राजस्थान में बड़ा मुद्दा बनाने की तैयारी कर रही है। राजस्थान के जोधपुर जिले में एक किसान ने शुक्रवार को आत्महत्या कर ली।
परिजनों का कहना है कि फसल नुकसान के बाद से ही किसान परेशान चल रहा था। प्रदेश के अधिकांश जिलों में फसल खराब हुई हैं। विपक्ष का आरोप है कि इन्हें भी सरकार दबाने का प्रयास कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने केंद्र और राज्य सरकार को किसानों को लेकर संवेदनहीन होने के आरोप लगाए हैं।
राजस्थान सरकार की ओर से केंद्र से किसानों के मुआवजे के लिए मांगी गई 11 हजार करोड़ रुपये की सहायता पर केंद्र सरकार ने महीने भर में भी कुछ नहीं किया है और कांग्रेस इस मामले को अब जोर शोर से जनता के बीच ले जाने की तैयारी कर रही है।