मौसम की मार से बर्बाद किसान एक तरफ जान देने पर उतारू हैं तो दूसरी तरफ सरकार के रहनुमा उनके जख्मों पर मरहरम लगाने के बजाय नमक छिड़क रहे हैं। मोदी सरकार के वरिष्ठ मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र के अमरावती के दौरे पर किसानों को सलाह दी कि वो अब भगवान और सरकार के भरोसे रहना छोड़ दें। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी जिंदगी बेहतर बनाने के लिए तरीकों को बदलना होगा।
नितिन गडकरी कृषि विकास मेले का उदघाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने किसानों को अपनी मानसिकता बदलने की सलाह देते हुए कहा कि खेती में कामयाबी के लिए उन्हें नई तकनीक अपनाने की जरूरत है।
नितिन गडकरी ने कहा कि भगवान और सरकार पर भरोसा करने के बजाय किसानों को अपनी आय बढ़ाने के लिए खुद पहल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आप अपनी जिंदगी को खुद ही संवार सकते हैं। गडकरी ने कहा कि सरकार की तरफ से उपलब्ध कराई जा रही नई तकनीक और नए तरीकों को अपनाकर किसान अपनी सामाजिक जिंदगी को खुद ही बेहतर बना सकते हैं।