योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा संचालित पतंजलि संस्थान और उसकी शाखाओं के प्रचार-प्रसार का अलीगढ़ में जिम्मा संभाल रहे ऋषि सारस्वत को कई साल से वेतन नहीं मिल रहा है। इसे लेकर ज्यादा शिकायत करने पर धमकियां मिल रही हैं।
हरिद्वार जाकर जानकारी करने पर उन्हें टहला दिया जा रहा है। इस सबसे परेशान ऋषि सारस्वत ने अब बाबा रामदेव सहित तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है।
गोंडा के गांव तारापुर निवासी ऋषि सारस्वत ने अधिवक्ता सरदार मुकेश सैनी के माध्यम से दिए गए नोटिस व एसओ गोंडा को दी गई तहरीर में कहा गया है कि देशभक्ति व राष्ट्रभक्ति के आवरण से अभिभूत होकर ऋषि ने पतंजलि संस्थान में वर्ष 2010 में सेवाएं देना शुरू कर दिया।
उसे जिले में संस्थान व उसकी शाखाओं के प्रचार-प्रसार का जिम्मा मिला और 5 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलना तय हुआ। इसके बाद से उसके कार्य से संस्थान को लाखों रुपये सालाना का मुनाफा हुआ।