मुंबई के शिवाजी पार्क को बाल ठाकरे मेमोरियल बनाने की मांग कर रही शिव सेना ने साफ कर दिया है कि पार्टी कानून तोड़ने की भी परवाह नहीं करेगी।
शिव सेना के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर जोशी ने एक शोक सभा के दौरान कहा कि शिवाजी पार्क में बाला साहेब का स्मारक बनने में अगर कोई कानून आड़े आएगा, तो हम उसकी भी परवाह नहीं करेंगे।
जोशी पहले नेता हैं, जिन्होंने शिवाजी पार्क में ठाकरे मेमोरियल बनाने की मांग की थी। इसी मैदान पर शिवसेना प्रमुख ठाकरे पार्टी रैली को संबोधित करते थे।
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने इस संबंध में कहा था कि राज्य सरकार मेमोरियल के लिए कानून का उल्लंघन नहीं करेगी। चव्हाण ने कहा था, ‘ऐसा कुछ भी नहीं किया जाएगा, जिसमें हमें कानून तोड़ना पड़े।’ उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को अभी तक ऐसा कोई भी प्रस्ताव नहीं मिला है।