भले ही चीन लद्दाख के दौलत बेग ओल्डी (डीओबी) सेक्टर से अपनी सेनाएं हटाने पर सहमत हो गया हो, लेकिन समाजवादी पार्टी सुप्रीमो और देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव ने सरकार को चेताया है।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि मैं सरकार और प्रधानमंत्री से अपील करता हूं कि वह चीन पर भरोसा नहीं करें। चीनी सैनिकों ने रास्ता देख लिया है। अन्य मुश्किलों से भी वह रूबरू हो गए हैं।
मुलायम ने कहा कि भारत को चीन पर भरोसा नहीं करना चाहिए क्योंकि वह विश्वासघाती देश है। मुझे लगता है चीन नहीं रुकेगा और एक दिन भारत पर आक्रमण करेगा।
क्या था विवाद
15 अप्रैल को लेह के दौलत बेग ओल्डी (डीबीओ) क्षेत्र में चीनी सेना भारतीय इलाके में घुस आई। यहां चीन ने पांच टेंट लगाए। इससे कुछ मीटर की दूरी पर भारतीय सैनिक तैनात थे।
पहले कहा गया कि चीन की यह घुसपैठ भारतीय इलाके में 10 किलोमीटर अंदर तक है, लेकिन बाद में सरकार ने बताया कि चीन 19 किलोमीटर तक अंदर आ गया है। यहां चीन के करीब 50 सैनिक थे।
चीन ने इस क्षेत्र में भारतीय सैनिकों द्वारा बनाई पक्की चौकियों पर नाराजगी जताई थी। जबकि भारत का तर्क है कि यह उसका इलाका है, अत: वह यहां निर्माण कार्य कर सकता है।