आम आदमी पार्टी की सरकार बने चंद दिन भी नहीं हुए, पार्टी के मंत्री से कार्यकर्ता तक विवादों में घिरने लगे हैं।
राखी बिडलान की कार पर हुए हमले का मामला शांत भी नहीं हुआ था कि दिल्ली के कानून मंत्री सोमनाथ भारती ने जजों की बैठक बुलाकर नया बवाल खड़ा कर दिया है।
लोकसभा चुनावों की तैयारी में देश भी में चलाया जा रहा सदस्यता अभियान भी विवादों से घिर गया है। अभियान में फर्जीवाड़े के आरोप लग रहे हैं।
हालात ये हो गए हैं कि पार्टी के कार्यकर्ता ही आपस में भिड़ने लगे हैं।
कानून मंत्री को सीखना पड़ रहा कानून
जिला अदालतों के जजों की बैठक बुलाने का आदेश देकर दिल्ली सरकार के कानून मंत्री सोमनाथ भारती विवादों में घिर गए हैं।
आरोप है कि उन्होंने प्रमुख सचिव (कानून) एएस यादव को जजों की बैठक नहीं बुलाने के लिए फटकार लगाई है। हालांकि सोमनाथ भारती ने प्रमुख सचिव को फटकार लगाने की बात को गलत बताया है।
लेकिन कानून मंत्री के रवैये से आहत यादव ने मुख्य न्यायाधीश एनवी रमन से मुलाकात कर जिला न्यायाधीश कैडर में वापस लौटने की इच्छा जताई है।
कानून मंत्री के आदेश को कानूनविदों ने स्वतंत्र न्यायपालिका के कार्य में हस्तक्षेप बताया है। उन्होंने कहा है कि कानून मंत्री खुद अधिवक्ता होने के बावजूद कानून के कच्चे हैं।
राखी ने बना दिया बात का बतंगड़
दिल्ली सरकार में समाज कल्याण मंत्री राखी बिरला की कार पर हमले का मामला भी बात का बतंगड़ ही साबित हुई।
रविवार को राखी बिडलान ने आरोप लगाया था कि मंगोलपुरी इलाके में उनके कार पर किसी भारी चीज से हमला किया गया, जिससे उनकी कारा का शीशा टूट गया। उन्होंने थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई।
लेकिन मामले में मंगलवार को एक बच्चे ने यह खुलासा किया कि कार का शीशा क्रिकेट की बॉल से टूटा था। उसने कार में बैठी महिला से माफी भी मांग ली थी।
सदस्यता शुल्क के नाम पर फर्जीवाड़ा
भ्रष्टाचार का विरोध कर ईमानदारी की कसम खाने वाले आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधियों ने ही आम आदमी के साथ धोखाधड़ी क। यह धोखा अलीगढ़ में सदस्यता शुल्क के नाम पर किया गया।
हालांकि मामले की भनक लगते ही अरविंद केजरीवाल ने सदस्यता शुल्क वसूलने पर रोक लगा दी।
मामले में बताया गया कि सदस्यता शुल्क में फर्जीवाड़ा बिना क्रमांक नंबर वाली रसीदों से हुआ है। कुछ लोगों ने इन्हीं रसीदों की फोटोकॉपी करा कर सदस्यता शुल्क वसूला और लोगों को ठगा है।
आपस में ही भिड़े आप के कार्यकर्ता
मेरठ में आप के कार्यकर्ता नए और पुराने कार्यकर्ता होने और भ्रष्ट और ईमानदार छवि को लेकर उलझ गए।
मंगलवार को पार्टी के नए और पुराने कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई थी।
पार्टी कॉल पर दर्जनों कार्यकर्ता चौधरी चरण सिंह पार्क में इकट्ठा हुए थे। इसी बीच एक और गुट भी पार्क में आ गया। किसी बात को लेकर कर्नल राजबीर सिंह, सुरेंद्र सिंह शोभापुर आदि की दूसरे गुट से कहासुनी हो गई।