कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी के मधुमक्खी के छत्ते संबंधी बयान पर हमले से बौखलाई कांग्रेस ने रविवार को गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला बोला।
केंद्र में सत्तारूढ़ कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेता जमकर मोदी पर बरसे। उन्होंने कहा कि हमें उनसे राष्ट्रभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है और गुजरात के मुख्यमंत्री के लिए दिल्ली अभी भी बहुत दूर है।
मोदी पर पलटवार करते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने कहा कि हैरत की बात है कि ऊर्जा एवं परिश्रम के सामंजस्य तथा उद्देश्य की एकात्मकता पर ध्यान को लेकर दिए गए राहुल गांधी के बयान स्वयंभू राष्ट्रभक्तों के सिर के ऊपर से निकल गए।
उन्होंने मोदी पर भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं का अल्प ज्ञानी होने का आरोप लगाया तथा उन्हें पौराणिक आख्यानों का हवाला देकर बताया कि देश में मधुमक्खी की भी देवी के अवतार के रूप में पूजा होती है।
वहीं दूसरी ओर केंद्रीय दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि भाजपा के सशक्त नेता को राष्ट्रीय राजधानी आने में जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए क्योंकि दिल्ली दूर अस्त (दिल्ली अभी दूर है)।
संसदीय कार्य राज्यमंत्री राजीव शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा या किसी अन्य नेता से राष्ट्रभक्ति सीखने की जरूरत नहीं है क्योंकि उसके नेताओं ने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया है।
गौरतलब है कि मोदी ने शनिवार को गांधीनगर में पार्टी के 33वें स्थापना दिवस समारोह में राहुल गांधी के देश को मधुमक्खी का छत्ता बताए जाने पर करारा प्रहार करते हुए कहा था कि देश हमारे लिए मधुमक्खी का छत्ता नहीं बल्कि हमारी मां है और कांग्रेस को देश का अपमान नहीं करना चाहिए।
केंद्र की राजनीति में आने के इच्छुक नेताओं को दो चीजें आनी जरूरी हैं, एक बोलने का सलीका आना चाहिए और दूसरा दिल्ली आने के लिए बहुत जल्दबाजी नहीं दिखानी चाहिए। उनके लिए दिल्ली अभी बहुत दूर है।
-कपिल सिब्बल, नरेंद्र मोदी के बारे में
देश की मधुमक्खी के छत्ते से तुलना करना कांग्र्रेस के हिसाब से सही है, क्योंकि वहां एक रानी मधुमक्खी है और अन्य सभी हनी एकत्र करने वाली मधुमक्खियां हैं। देश के बारे में कांग्रेस की अवधारणा ऐसी ही है। इस देश की आम जनता मात्र साधारण मधुमक्खी के समान है, जिसकी कोई पूछ नहीं है।
-बलबीर पुंज, भाजपा प्रवक्ता