चलती बस में गैंगरेप के मामले की सुनवाई अब सेशन कोर्ट में होगी, जहां फास्ट ट्रैक कोर्ट 21 जनवरी से सुनवाई करेगा। पांचों आरोपियों को आरोपपत्र देने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट नम्रता अग्रवाल ने सुनवाई सेशन कोर्ट में स्थानांतरित कर दी। फास्ट ट्रैक कोर्ट में एडिशनल सेशन जज योगेश खन्ना मामले की सुनवाई करेंगे।
वहीं, आरोपियों के वकील एमएल शर्मा, वीके आनंद, विवेक शर्मा और एपी सिंह ने बताया कि वे जल्द ही मामले की सुनवाई दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बजाय किसी अन्य राज्य में कराने के लिए सुप्रीम कोर्ट में आवेदन देंगे क्योंकि दिल्ली और यूपी में निष्पक्ष तरीके से सुनवाई नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा हाईकोर्ट में भी आवेदन दाखिल कर मामले की मीडिया कवरेज पर लगी रोक हटाने की मांग की जाएगी, ताकि मीडिया के जरिए आम लोगों को सही जानकारी मिल सके।
इससे पहले पांचों आरोपियों राम सिंह, मुकेश, विनय, पवन और अक्षय को कोर्ट में पेश किया गया। मालूम हो कि छठे नाबालिग आरोपी का मामला जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में है।