गैंगरेप की घटना के खिलाफ लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार देर शाम प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बात की और उनसे मामले में तत्काल तथा सख्त कार्रवाई करने को कहा।
शनिवार को विजय चौक, इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में उमड़े युवाओं के गुस्से और प्रदर्शन के बाद सोनिया ने टेलीफोन पर प्रधानमंत्री से बात की और मामले में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने को कहा। कांग्रेस अध्यक्ष ने 18 दिसंबर को गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे और दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को भी कड़ा पत्र लिखा था।
शिंदे को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था कि यह हम सभी के लिए शर्मिंदगी की बात है कि राजधानी में एक युवती के साथ चलती बस में रेप किया जाता है और उसे सड़क पर फेंक दिया जाता है।
उन्होंने इस घटना पर चिंता भी जताई थी। उसी दिन कांग्रेस अध्यक्ष पीड़ित युवती को देखने सफदरजंग अस्पताल भी गई थी। अपने पत्र में गांधी ने दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाने को कहा था।