फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में युवती से दरिंदगी को लेकर देशभर विरोध

Thu, 20 Dec 2012 01:22 AM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो/एजेंसी
विज्ञापन
विज्ञापन
चलती बस में फिजियोथेरेपिस्ट युवती से हुई दरिंदगी को लेकर देशभर में खौल रहे खून ने बुधवार को विकराल विरोध का रूप ले लिया। राजधानी दिल्ली के अलावा मुंबई, बंगलूरू, हैदराबाद और चेन्नई समेत कई शहरों में जबरदस्त प्रदर्शन हुए।
विज्ञापन


दिल्ली में इंडिया गेट पर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जुटे तो सीएम आवास और दिल्ली पुलिस मुख्यालय घेरकर पीड़ित युवती को इंसाफ दिलाने की मांग की गई। महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराधों और गैंगरेप की इस घटना के विरोध में महिला सांसदों ने भी संसद परिसर में धरना दिया। इस बीच, बुधवार को गैंगरेप के दो आरोपियों ने कोर्ट में अपना गुनाह कबूल लिया है।

मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के आवास पर जुटे प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए पुलिस को पानी की बौछार करनी पड़ी। कई छात्र और महिला संगठनों के नेतृत्व में इन लोगों ने सीएम आवास के अलावा पुलिस मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया।
विज्ञापन


सर्द हवाओं के बीच शाम पांच बजे इंडिया गेट पर जमा हुए प्रदर्शनकारियों ने सरकार और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। महिलाओं और बुजुर्गों समेत बड़ी संख्या में जुटे ये प्रदर्शनकारी कई घंटे तक वहां डटकर दोषियों को कड़ी सजा की मांग करते रहे।

गैंगरेप के खिलाफ गुस्से का आलम यह था कि 200 से ज्यादा लोगों की भीड़ अचानक इंडिया गेट से अति सुरक्षा वाले रायसीना हिल्स की ओर बढ़ चली। इससे पुलिस की धड़कनें भी तेज हो गईं। इन लोगों ने साउथ ब्लॉक पहुंच कर गृह मंत्री या गृह सचिव से मिलने की मांग की। लेकिन पुलिस ने बैरीकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। वहीं, भाजपा की दिल्ली इकाई ने जंतर मंतर पर भी प्रदर्शन किया।

पुलिस ने बुधवार को गैंगरेप मामले के तीन आरोपियों विनय, मुकेश और पवन को कोर्ट में पेश किया। अभियुक्त विनय और पवन ने अदालत में अपना जुर्म कबूलते हुए कहा कि उनसे बहुत ही गंदा काम हो गया और इसके लिए वे शर्मिंदा हैं। वहीं विनय ने खुद को फांसी दिए जाने की मांग की। पवन और विनय ने शिनाख्त परेड कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद अदालत ने दोनों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया।

तीसरे अभियुक्त मुकेश ने शिनाख्त परेड के लिए हामी भर दी, जिसके आधार पर अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अदालत में तीनों अभियुक्तों को मुंह ढककर पेश किया गया। मुख्य अभियुक्त राम सिंह को मंगलवार को ही रिमांड पर लिया गया था। इस बीच पीड़ित युवती के मित्र युवक के अदालत में बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन


एसआईटी करेगी निगरानी
गैंगरेप मामले की जांच पर पैनी निगाह रखने के लिए डीसीपी छाया शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें