आगस्टा वेस्टलैंड हेलीकॉप्टरों के सौदे में कथित घूस के मामले के लिए चर्चा में आई चंडीगढ़ की कंपनी एयरोमैट्रिक्स इन्फो सॉल्यूशंस ने इन हेलीकॉप्टरों के डिजाइन तैयार करने के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया था। भारत से रक्षा सौदा हासिल करने में इतालवी कंपनी फिनमैकनिका को कथित तौर पर मदद करने वाले कार्लो गैरोसा और गुइडो राल्फ हैश ही एयरोमैट्रिक्स के प्रमोटर और निदेशक हैं।
एयरमैट्रिक्स मूलत: विभिन्न उत्पादों के लिए आईटी सॉल्यूशन उपलब्ध कराने वाली कंपनी हैं। कंपनी के सीईओ प्रवीण बख्शी के मुताबिक गैरोसा कंपनी के शेयरधारक और निदेशक हैं लेकिन उनका दैनिक कामकाज से ज्यादा लेना-देना नहीं है। इतालवी पुलिस द्वारा कोर्ट में पेश दस्तावेजों के मुताबिक एयरोमैट्रिक्स के साझीदारों गैरोस और हैश ने फिनमैकनिका के लिए बिचौलिये का काम किया। गैरोसा लगातार तत्कालीन वायुसेनाध्यक्ष एसपी त्यागी की रिश्तेदार जूली त्यागी के संपर्क में थे।
यह बात दिलचस्प है कि इतालवी डिफेंस कंपनी के लिए काम करने वाले गैरोसा और हेश ने वायुसेना अड्डे वाले शहर चंडीगढ़ में कंपनी फ्लोट की और बाद में उनका नाम वायुसेना से जुड़े इस रक्षा सौदे में आया। दूसरी तरफ एयरोमैट्रिक्स के सीईओ बख्शी के मुताबिक वह इस बात को खुद नहीं समझ पा रहे हैं कि फिनमैकानिका कंपनी के सौदे के मामले से उनकी कंपनी का नाम कैसे जुड़ गया।
बख्शी ने माना कि उनकी कंपनी इतालवी रक्षा निर्माता को कुछ समय से आईटी सपोर्ट दे रही थी। इसी वजह से इस विवाद से इसका नाम भी जोड़ दिया गया। बख्शी ने बताया कि उनकी कंपनी के पास विदेशी हेलीकाप्टरों की डिजाइनिंग सपोर्ट के लिए काफी काम आता है।
खास बात यह है कि कंपनी की वेबसाइट पर यह भी बताया गया है कि उसे 2009-10 के लिए भारतीय सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क की तरफ से एक्सीलेंस अवार्ड भी मिल चुका है। इसके अलावा कंपनी की वेबसाइट पर विभिन्न यूरोपीय और उत्तर अमेरिकी विमान-हेलीकॉप्टर निमार्ताओं की तरफ से दिए गए प्रंशसापत्र मिलने का दावा भी किया गया है। लेकिन कपंनी के इन बड़े ग्राहकों के नाम नहीं दिए गए हैं।
एयरोमैट्रिक्स इन्फो सॉल्यूशंस
स्थापना- 2009 के मध्य में
कामकाज- 2010 की शुरुआत में प्रारंभ
प्रमोटर: इटली निवासी कार्लो गैरोस, गुइडो राल्फ हैश
मुख्य काम: हेलीकॉप्टरों के लिए टूल तथा अन्य डिजाइन सपोर्ट, 3डी मॉडलिंग-सिम्युलेशन, टू सॉफ्टवेयर, मैन्यूफैक्चरिंग सपोर्ट सर्विस, इंजीनियरिंग उत्पादों की विश्लेषण सेवाएँ आदि।
सालाना टर्नओवर 8.5 करोड़ (2011-12)
सीईओ-प्रवीण बख्शी