जनता के बीच निजी टीवी न्यूज चैनलों के एकाधिकार को खत्म करने और अपना नजरिया युवाओं के बीच लाने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ा दिया है। इस क्रम में सरकार ने अब युवाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए मोबाइल फोन और सोशल मीडिया वेबसाइटों पर प्रचार अभियान और तेज कर दिया है। फेसबुक, ट्विटर, यू-ट्यूब के बाद अब मंत्रालय ने मोबाइल फोन पर दस्तक दी है।
अपनी योजना को मूर्त रूप देने के लिए सरकार दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल के साथ समझौता करने जा रही है। इसके जरिए गूगल एंड्रायड मोबाइल फोन पर डीडी न्यूज के समाचार बुलेटिन बेहद आसानी और उम्दा क्वालिटी के साथ देखे जा सकते हैं। इसमें सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं के प्रचार के साथ ही मंत्रालय की हर गतिविधि और कार्ययोजनाओं के बारे में पारदर्शिता को लेकर मंत्रालय ने जोर दिया है।
इस योजना के तहत एक एंड्रायड मोबाइल एप्लीकेशन बनाई गई है। इसमें यू-ट्यूब में उपलब्ध मंत्रालय के चैनल को एप्लीकेशन में शामिल किया है। इसके जरिए ग्राहक वृत्त चित्र, सरदार पटेल, महात्मा गांधी और पंडित जवाहर लाल नेहरू जैसे महापुरुषों के लोकप्रिय भाषण सुन सकते हैं। साथ ही डीडी न्यूज के नियमित दो से तीन मिनट के समाचार बुलेटिन भी देख और सुन सकते हैं। इस चैनल में ऑल इंडिया रेडियो के क्लासिकल म्यूजिक का मजा भी लिया जा सकेगा।
साथ ही सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी देखा जा सकता है। सूचना और प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी ने युवाओं के बीच जगह बनाने के मकसद से इस योजना के लिए मंत्रालय के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए थे। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि तिवारी की पहल के बाद यह योजना साकार हो पाई है। मंत्रालय के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल जैसे बड़े समारोहों का सीधा प्रसारण भी इस सेवा में उपलब्ध रहेगा।
ऐसे मिलेगा सुविधा का लाभ :-
ग्राहकों को गूगल आधारित स्मार्ट एंड्रायड फोन के जरिए गूगल प्ले में क्लिक कर वहां एमआईबी यूट्यूब टाइप करना है। इस चैनल को फ्री डाउनलोड करने के बाद ग्राहक इसका आनंद उठा सकते है। गूगल फोन के अलावा एप्पल और ब्लैकबेरी फोन पर यह सेवा कुछ दिनों में उपलब्ध हो जाएगी।