केंद्र सरकार ने ऑयल इंडिया लिमिटेड और नेशनल थर्मल पावर कॉरपोरशन (एनटीपीसी) के विनिवेश की तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार अगले एक महीने के अंदर इन दोनों सार्वजनिक उपक्रमों का पब्लिक इश्यू जारी कर सकती है।
विनिवेश सचिव डीके मित्तल ने कहा है कि सरकार जनवरी के दूसरे पखवाडे़ में ऑयल इंडिया की 10 फीसदी हिस्सेदारी बेचने के लिए इश्यू ला सकती है। इसके बाद 14 फरवरी तक एनटीपीसी का पब्लिक इश्यू आएगा। चालू वित्त वर्ष के दौरान विनिवेश के जरिए करीब 30 हजार करोड़ रुपये जुटाने के लक्ष्य को हासिल करने में ऑयल इंडिया और एनटीपीसी से सरकार को काफी मदद मिल सकती है।
ऑयल इंडिया में दस फीसदी हिस्सेदारी बेचकर करीब तीन हजार करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है जबकि एनटीपीसी में 9.5 फीसदी हिस्सेदारी बिकने से 12 हजार करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं। इस साल अभी तक सरकार सार्वजनिक उपक्रमों के विनिवेश से करीब सात हजार करोड़ रुपये ही जुटा पाई है। ऑयल इंडिया और एनटीपीसी की तरह बीएचईएल, हिन्दुस्तान कॉपर, सेल और नाल्को का विनिवेश करने की भी योजना है।