कर्मभूमि सुपरफास्ट ट्रेन में शुक्रवार को सरेशाम हुई डकैती की वारदात के खुलासे के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं। शनिवार को एसपी रेलवे आनंद कुलकर्णी ने बरेली पहुंचकर आउटर का मुआयना किया जहां बदमाश लूटपाट के बाद ट्रेन से कूदकर फरार हुए थे। घटना का मुकदमा सीतापुर जीआरपी थाने में दर्ज कराकर तफ्तीश की जिम्मेदारी रामपुर जीआरपी को दे दी गई है। उधर, रेलवे बोर्ड ने मुरादाबाद डीआरएम से पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है।
अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही साप्ताहिक सुपरफास्ट ट्रेन 12408 कर्मभूमि में शुक्रवार शाम करीब सात बजे रामपुर स्टेशन के आउटर पर चेन पुलिंग करके दर्जन भर बदमाश इंजन के पीछे की जनरल बोगियों में घुस गए थे। असलहाबंद बदमाशों ने यात्रियों से लाखों का माल लूट लिया और लूटपाट के दौरान उन्हें जमकर पीटा भी। बाकरगंज रेलवे फाटक के पास बरेली जंक्शन के आउटर पर ट्रेन रुकी तो बदमाश कूदकर भाग गए।
इससे गुस्साए यात्रियों ने पहले बिलपुर और फिर शाहजहांपुर स्टेशन पर हंगामा करते हुए ट्रेन ड्राइवरों को पीट दिया। घटना का मुकदमा सीतापुर जीआरपी थाने में नूरपुर (बिजनौर) के राहुल नगरी गांव के गुरमीत सिंह की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखा गया। चूंकि बदमाश रामपुर स्टेशन से ट्रेन में चढ़े थे इससे तफ्तीश की जिम्मेदारी रामपुर जीआरपी के सुपुर्द कर दी गई है।
घटना के बाद शनिवार रात जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। एसपी रेलवे आनंद कुलकर्णी ने शुक्रवार रात रामपुर जाकर यार्ड में ड्यूटी पर मौजूद रेल कर्मचारियों से पूछताछ की। शनिवार सुबह वह बरेली जंक्शन पहुंचे और फिर सिटी स्टेशन पर सीओ इंदु प्रभा के साथ थाना प्रभारियों की बैठक में घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए। एसपी ने जंक्शन के आउटर (सिटी श्मशान भूमि फाटक) का भी मुआयना किया जहां बदमाश ट्रेन से कूदकर भागे थे।
उन्होंने बताया कि मुरादाबाद, रामपुर, बरेली जंक्शन और शाहजहांपुर इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चार टीमें बनाई गई हैं। एक स्पेशल टीम बनाई है। सभी टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं। उधर, रेलवे बोर्ड ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मुरादाबाद डीआरएम से रिपोर्ट मांगी है। शनिवार को कर्मभूमि ट्रेन के दोनों ड्राइवर और गार्ड को मुरादाबाद मंडल कार्यालय बुलाकर पूछताछ की गई। रामपुर स्टेशन और बरेली जंक्शन से भी कर्मचारियों को पूछताछ के लिए मुरादाबाद बुलाया गया।
रेलवे एसपी आनंद कुलकर्णी का कहना है कि घटना सात से आठ बजे के बीच की है। 10-12 बदमाशों ने करीब 50 यात्रियों को लूटा। घटना के खुलासे के लिए टीमें बना दी गई हैं। गैंग कहां का है इसके बारे में अभी कुछ पता नहीं चला है। पुराने गैंगों की छानबीन की जा रही है।