आंध्र प्रदेश के कलिंगपटनम और ओडिशा के पारादीप तट पर शनिवार देर रात तक पहुंचने वाले संभावित चक्रवाती तूफान फैलिन से निपटने के लिये सेना ने तैयारी कर ली है।
रक्षा मंत्री एके एंटनी ने तीनों सेनाओं थलसेना, वायुसेना और जलसेना को संभावित चक्रवात फैलिन के मद्देनजर पूरी तरह से तैयार रहने का निर्देश दिया है। राज्य के सभी नौ तटीय जिलों में चेतावनी जारी कर दी गई है।
सेना के अधिकारी इस बात के लिए प्रयासरत है कि तूफान में कम से कम नुकसान हो। जिलों में विशेष अधिकारियों को स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए तैनात किया गया है।
निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा रहा है। राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल भी अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं।
आंध्र प्रदेश और ओडिशा सरकार ने रक्षा मंत्रालय को पत्र लिखकर संभावित चक्रवात के खतरे से निपटने में वायु सहायता के साथ-साथ राहत और बचाव कार्य में सहायता करने का अनुरोध किया था।
जिसे लेकर एंटनी ने रक्षा सचिव आरके माथुर से विचार-विमर्श कर चक्रवात से निपटने के लिए व्यापक रणनीति बनाई है। रक्षा मंत्रालय ने सुबह ही वायुसेना के दो आईएल 76, राष्ट्रीय आपदा राहत बल के दलों और साजो-सामान के साथ भुवनेश्वर भेज दिया था।
इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय ने वायुसेना के अन्य साजो-सामान को रायपुर, नागपुर, जगदलपुर, बैरकपुर, रांची और ग्वालियर सहित वायुसेना के विभिन्न अड्डों को अलर्ट पर रखा है।
वायुसेना ने आपात स्थिति में शीघ्र कार्रवाई के लिए एमआई17 वी5 और एएन 32ए 18 हेलीकॉप्टरों सहित दो सीआई 30 जे सुपर हरक्युलिस एयर क्राफ्ट तैनात किए हैं।
वायुसेना ने बैरकपुर स्थित अपनी पूर्वी वायु कमान को राज्य प्रशासन को राहत कार्य में पूरी सहायता देने के लिए तैयार किया है।
अधिकारियों का कहना है कि विशाखापटनम स्थित पूर्वी नौसेना कमान ने आवश्यकता पड़ने पर राहत कार्य में सहायता के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर भारतीय नौसेना के गोताखोरों को तैयार कर रखा है।
इनके अलावा नौसेना ने कुछ चेतक और यूएच3 एच हेलिकॉप्टरों को जरूरत होने पर राहत और बचाव अभियान शुरू करने के लिए तैनात किया है। नौसेना ने आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई के लिए आपदा राहत जहाजों को भी तैयार रखा है।
इधर थल सेना ने भी अपनी कमान और नियंत्रण इकाई को जीओसी मध्य भारत क्षेत्र के अंतर्गत भुवनेश्वर भेजा है। बागडोगरा से एक इंजीनियर टुकड़ी और गोपालपुर से एक चिकित्सा टुकड़ी को भुवनेश्वर के लिए रवाना कर दिया गया है।
बैरकपुर स्थित इंफैंट्री टुकड़ी ने किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी कर ली है।