पर्यावरण संरक्षण के साथ ही बर्ड वॉचिंग के जरिये ग्रामीणों के आर्थिक विकास के लिए प्रदेश सरकार ईको टूरिज्म को बढ़ावा देगी।
देश के पहले बर्ड फेस्टिवल का औपचारिक उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि हर साल यह फेस्टिवल तो होगा ही, पर्यावरण प्रेमियों के लिए आगरा से लायन सफारी तक साइकिल ट्रैक भी बनाया जाएगा। इस ट्रैक पर चलने वालों को प्रकृति के नजारों को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
बाह के जरार में आयोजित फेस्टिवल के दूसरे दिन शनिवार को मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग पर्यावरण-पक्षियों से प्रेम करते हैं, वे टीवी-मोबाइल से मनोरंजन करने वालों के मुकाबले ज्यादा खुश और स्वस्थ रहते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा और संस्कृति में पक्षियों का विशिष्ट स्थान है। उन्होंने कहा कि ईको पर्यटन को प्रोत्साहन देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बर्ड वॉचिंग को बढ़ावा देकर देश-विदेश के पक्षी प्रेमियों के लिए प्रदेश को नया डेस्टीनेशन बनाया जाएगा।