प्याज और आलू के बाद अब कई राज्यों में नमक को लेकर जबरदस्त मारामारी मच गई है। बिहार से लेकर पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में नमक 60 से 100 रुपए प्रति किलो तक बिक रहा है।
लोगों में आशंका है कि बाजार में कहीं नमक खत्म नहीं हो जाए, इसलिए वह इसे खरीद कर भी रख रहे हैं। हालांकि राज्य सरकारों ने दावा किया है, नमक की कोई कमी नहीं है। इस बारे में गलत अफवाह फैलाने वालों और जमाखोरों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
दार्जिलिंग में नमक शुक्रवार को 100 रुपये प्रति किलो तक बिका। इसके अलावा पश्चिम बंगाल के उत्तरी दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी जिलों में भी नमक के संकट की आशंका के चलते इसकी जमकर खरीदारी होने की खबरें आईं। यहां नमक 40 से 60 रुपये किलो तक बिका।
हालांकि राज्य सरकार ने भरोसा दिलाया है कि नमक की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी और जमाखोरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार ने लोगों से कहा है कि वह अफवाहों पर ध्यान नहीं दें।
वहीं, ओडिशा, बिहार और मिजोरम, मेघालय समेत अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में नमक के संकट की अफवाह फैली रही और लोग इसकी खरीदारी के लिए दुकानों पर उमड़ते रहे। इन राज्यों में भी जमाखोरों और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।
बिहार सरकार ने दावा किया है कि राज्य में जमाखोरों और कालाबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। 21 एफआईआर दर्ज की गई हैं। खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मुख्य सचिव शिशिर सिन्हा ने कहा कि लोगों को नमक के पर्याप्त भंडार होने के बारे में बताया है।