कभी यूपीए सरकार को बाहर से समर्थन देने वाली माकपा ने राहुल को 'जोकर' बताया है।
माकपा नेता पी विजयन ने कहा, 'राहुल ने केरल यात्रा के दौरान जोकर की तरह व्यवहार किया। पुलिस जीप के ऊपर चढ़कर यात्रा करने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दौरान उनका व्यवहार काफी बचकाना था।'
जब पत्रकारों ने सवाल किया कि उनके इस व्यवहार को विनम्रता के रूप में क्यों नहीं देखा जा सकता, विजयन ने पलटवार करते हुए कहा कि वह एक ऐसे व्यक्ति हैं, जिन्हें सबसे ज्यादा सुरक्षा दी गई है और रैली में हुई हाथापाई में एक केंद्रीय मंत्री (केंद्रीय राज्य मंत्री कोडिकुनिल सुरेश) घायल हो गए।
'जिम्मेदारी से भागते हैं राहुल'
इधर, आम आदमी पार्टी के कुमार विश्वास का राहुल गांधी पर हमला जारी है। सोमवार को विश्वास ने राहुल और प्रियंका को बंटी-बबली बताया था और आज उन्होंने एक बार फिर उनके ऊपर तीखे व्यंग्य कसे।
विश्वास ने कहा राहुल के पास जिम्मेदारी लेने की क्षमता नहीं है। वे संवेदनशील मुद्दों जैसे बिटिया और गुड़िया (बलात्कार मामले) पर सही निर्णय नहीं ले पाते हैं। जब सही फैसला का वक्त आता है, वे विदेश में रहते हैं।
'प्रियंका मेरी बहन'
विश्वास ने कहा, 'यहां तक कि राहुल कभी भी संसद के बाहर या अंदर किसी गंभीर मुद्दे पर अपना विचार व्यक्त नहीं करते...। ऐसे में देश की जनता ऐसे नेता को कैसे स्वीकार कर सकती है।'
लोकसभा चुनाव को देखते अमेठी में प्रियंका गांधी की जनसभा पर भी विश्वास ने टिप्पणी की।
उन्होंने कहा, 'प्रियंका मेरी भी बहन है। अब यह देखना है कि प्रियंका अपने भाई (विश्वास) का समर्थन करती हैं, जिन्होंने बिटिया और गुड़िया को इंसाफ दिलाने के लिए लाठियां खाई, या फिर राहुल गांधी का जो उस समय विदेश में थे।