पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और माकपा नेता अनीसुर रहमान ने प्रदेश की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर अभद्र टिप्पणी कर विवाद पैदा कर दिया है। बुधवार को अनीसुर रहमान ने एक रैली में कहा था कि मैं ममता बनर्जी से पूछना चाहूंगा कि बलात्कार के बाद अगर किसी को 20 हजार रुपये दिए जाते हैं, तो उनका क्या चार्ज होगा। रहमान ने मुख्यमंत्री द्वारा दुष्कर्म पीड़ित के लिए हाल में दिए गए 20 हजार रुपये के मुआवजे का जिक्र करते हुए यह बात कही थी।
टिप्पणी के लिए माफी मांगी रहमान ने
हालांकि बाद में अनीसुर रहमान ने विवादास्पद टिप्पणी के लिए माफी मांग ली। वहीं माकपा के प्रदेश सचिव बिमान बोस ने भी अनीसुर रहमान की टिप्पणी को अश्लील बताया था। बोस ने बताया कि यह पार्टी की राजनीतिक संस्कृति के खिलाफ है। हमारी पार्टी इस तरह की टिप्पणियों को कतई मंजूर नहीं कर सकती है। वैसे रहमान अपनी टिप्पणी के लिए पहले ही माफी मांग चुके हैं। पार्टी भी उम्मीद करती है कि वे भविष्य में इस तरह की कोई टिप्पणी करने से बचेंगे।
बयान से पश्चिम बंगाल की संस्कृति धूमिल
इधर तृणमूल कांग्रेस नेता और उद्योग व संसदीय कार्य मंत्री पार्था चटर्जी ने पत्रकारों से कहा कि रहमान ने एक महिला के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जो बेहद ही अभद्र है। किसी राजनीतिक नेता से इस तरह की बयान की उम्मीद कतई नहीं की जा सकती। इस बयान से पश्चिम बंगाल की संस्कृति धूमिल हुई है।