मुंबई की मॉडल पूनम पांडे फिर से विवादों में है। धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में बंगलूरू की एक स्थानीय अदालत ने उसे समन भेजने के आदेश दिए हैं।
यू ट्यूब पर अपलोड एक वीडियो में वह अर्द्धनग्न अवस्था में भगवान विष्णु की तस्वीर के साथ बैठी दिखाई गई है, जिस पर सचिन तेंदुलकर का चेहरा लगा हुआ है। छठे अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट चुरी खान ने पूनम पांडे को आगामी 26 फरवरी को पेश होने का निर्देश दिया है।
एडवोकेट एस उमेश द्वारा मई में दायर की गई याचिका में कहा गया है कि पिछले साल पूनम पांडे ने एक बयान दिया था कि अगर टीम इंडिया विश्व कप जीत जाती है, तो नग्न तस्वीर खिंचवाएगी। भारत की जीत के बाद उसने अपनी अर्द्धनग्न तस्वीर खिंचवाई और उसे यू ट्यूब पर अपलोड कर दिया।