दिल्ली में कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने की राय जनता से लेने के लिए अरविंद केजरीवाल ने रविवार को नई दिल्ली सीट पर जनसभा की। उन्होंने यहां जनता की राय जानने से पहले बीजेपी-कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में आम आदमी की सरकार बनने पर पूर्व में भ्रष्टाचार करने वाले बीजेपी-कांग्रेस के नेता जेल भेजे जाएंगे।कई दिनों बाद जनता के बीच पहुंचे केजरीवाल का तेवर रविवार को बदला हुआ नजर आया।
पढ़िए:- अरे! ये मोदी का हमशक्ल कौन है?
उन्होंने जनसभाओं में बीजेपी-कांग्रेस पर सीधे हमला बोला।
जनसभाओं को लेकर उठ रहे सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि कुछ लोग जनता से राय लेने के इस फैसले को नौटंकी कह रहे हैं, लेकिन मैं कहता हूं की यही लोकतंत्र की राजनीति है।
बीजेपी-कांग्रेस को भी ऐसी नौटंकी करनी चाहिए, लेकिन वे जनतंत्र की राजनीति छोड़कर सिर्फ दलाली कर रहे हैं। अब जब आम आदमी उठ खड़ा हुआ है तो नौटंकी बताई जा रही है। आम आदमी ही है, जिसने कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को हरा दिया जो कई साल से जीत का रिकॉर्ड बनाते आ रहे थे।
बिजली व पानी के दाम कैसे घटेंगे इस पर उन्होंने कहा कि सब होगा। जब दिल्ली की 1.5 करोड़ जनता एक साथ उठ खड़ी होगी तब सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा।
सरकार बनने के बाद आप तय करेंगे की सरकार को क्या करना चाहिए और क्या नहीं। सबसे बड़ी पार्टी होने के बाद भी बीजेपी अपनी जिम्मेदारी से भाग खड़ी हुई है जबकि वह खरीद-फरोख्त करके सरकार बनाने में माहिर है।
यह आम आदमी के संदेश का असर है, जिससे वह डर गई है।