प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अबु धाबी की शेख जायद मस्जिद जाने पर भारत में सियासी भूचाल आ गया है। विपक्षी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। सबसे करारा हमला बोला है जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने। उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री ने शेख जायद मस्जिद का दौरा केवल टूरिस्ट की प्लेस तरह किया और इसे इससे ज्यादा किसी और चश्मे से देखने की जरूरत नहीं।
This Mosque is Abu Dhabi's biggest tourist attraction, this is the PM's 'Terracotta Army' moment no more, no less. https://t.co/XAIEN9GXw9— Omar Abdullah (@abdullah_omar) August 17, 2015
उमर अबदुल्ला के बयान पर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा प्रधानमंत्री का दौरा इतना प्रभावी रहा कि वहां की सरकार ने तुरंत मंदिर के लिए जमीन आवंटित कर दी। उमर अब्दुल्ला को इसलिए पेट में दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि उमर अब्दुल्ला जैसे मुस्लिम नेता नहीं चाहते कि आम मुसलमानों में मोदी के प्रति नरम छवि बने।
आम आदमी पार्टी ने भी मोदी को अबुधाबी मस्जिद दौरे को लेकर निशाने पर लिया है। आप नेता संजय सिंह ने ट्वीट कर कहा 'वाह रे मोदी जी भले ही भारत की मस्जिद में आप कभी नहीं गए लेकिन विदेश जाते ही आपको सर्वधर्मसमभाव ज्ञान प्राप्त हो गया।
कांग्रेस ने बिहार चुनाव से जोड़ा
शेख जायद मस्जिद जाने पर कांग्रेस ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया है। कांग्रेस ने मस्जिद दौरे को महज पर्यटन मानने से तो इनकार किया लेकिन इसे बिहार चुनाव से जरूर जोड़ दिया। कांग्रेस के प्रवक्ता मीम अफजल ने कहा कि बिहार चुनाव के मद्देनजर जानबूझकर इसकी पब्लिसिटी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि इससे पहले प्रधानमंत्री तुर्कमेनिस्तान की मजार पर गए थे तब पब्लिसिटी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस्लाम की तारीफ में जो बातें दुबई में कहीं क्या वो भारत आकर भी कहेंगे। उन्होंने सवाल किया कि क्या उनकी पार्टी के नेता और विचारक भी प्रधानमंत्री की बातों को आत्मसात करेंगे।
हालांकि मस्जिद दौरे को मुस्लिम धर्म गुरु किसी सियासी चश्मे से नहीं देखते। मुस्लिम धर्म गुरु फिंरगी महली का कहना है कि जो भी राष्ट्राध्यक्ष अबुधाबी जाता है इस इबादतगाह में जरूर जाता है। किसी को भी उनके इस दौरे पर ऐतराज नहीं होना चाहिए। उमर और कांग्रेस के बयान पर उन्होंने कहा कि ये एक इंटरनेशनल विजिट है और अंदरूनी राजनीति को देश के अंदर ही सीमित रखना चाहिए।
मोदी जब पहुंचे शेख जायद मस्जिद
इससे पहले रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां की इस्लामी वास्तुकला का नायाब नमूना कही जाने वाली अबू धाबी की विशालकाय शेख जायद मस्जिद पहुंचे। यहां भी मोदी-मोदी के नारे लगे। पीएम ने कहा कि वह इस पूजा स्थल का दौरा करके बेहद खुश हैं और इसके आकार और इसकी सुंदरता के कायल हो गए हैं।
पीएम ने मस्जिद के विजिटर बुक में लिखा, ‘मुझे यकीन है कि यह मस्जिद शांति, समृद्धि और इस्लाम के भरोसे का प्रतीक है।’ इस दौरान उन्होंने मस्जिद परिसर में सेल्फी भी खिंचवाई। सऊदी अरब की मक्का और मदीना के बाद यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी मस्जिद और दुनिया की दस खूबसूरत मस्जिदों में शुमार है। इसका नाम यूएई के पहले राष्ट्रपति और संस्थापक दिवंगत शेख जायेद बिन सुल्तान अल नहयान के नाम पर रखा गया है। 1,80, 000 वर्ग फुट में बनी सफेद रंग की इस खूबसूरत मस्जिद में एकसाथ करीब 40,000 लोग नमाज अदा कर सकते हैं।
इस मस्जिद में 82 गुंबद हैं। इस मस्जिद का निर्माण 1996 से 2007 के बीच हुआ। प्रधानमंत्री मसदर सिटी का भी दौरा करेंगे, जो जीरो कार्बन वाला हाईटेक शहर है। इससे पहले पीएम ने यूएई की खूबसूरती का बखान करते हुए कहा कि वह हमेशा सोचते रहे हैं कि आखिर स्वर्ग में रेगिस्तान ने कैसे जन्म ले लिया। उन्होंने इसके पीछे की सोच और कौशल की भी सराहना की।