फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकसभा चुनाव में राहुल थामेंगे कांग्रेस की कमान

Thu, 15 Nov 2012 11:56 PM IST
नई दिल्ली/ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
राहुल गांधी ही 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा होंगे। अगले लोकसभा चुनाव के लिए बनाई गई पार्टी की सबसे अहम चुनाव समन्वय समिति की कमान राहुल को सौंपे जाने के साथ ही यह तस्वीर साफ हो गई है। आम चुनाव की कमान राहुल को सौंपे जाना कांग्रेस संगठन में उनकी बड़ी भूमिका का पहला औपचारिक ऐलान माना जा रहा है। पार्टी हाईकमान ने सूरजकुंड संवाद बैठक में किए गए ऐलानों को अमली जामा पहनाने के क्रम में राहुल की इस बढ़ी जिम्मेदारी को स्पष्ट कर दिया।
विज्ञापन


कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बीते हफ्ते सूरजकुंड की संवाद बैठक में अगले लोकसभा चुनाव के लिए समन्वय समिति और तीन उपसमूह बनाने की घोषणा की थी। इसी के अनुरूप उन्होंने बृहस्पतिवार को चुनाव समन्वय समिति के गठन का ऐलान कर दिया। इस छह सदस्यीय समिति में राहुल के साथ दस जनपथ से जुड़े पार्टी के पांच भरोसेमंद नेताओं को शामिल किया गया है।

बेशक आधिकारिक तौर पर समिति की अध्यक्षता किसी को नहीं सौंपी गई है। मगर समिति के गठन को लेकर पार्टी की ओर से जारी बयान में राहुल का नाम वरिष्ठता के लिहाज से पहले नंबर पर रखा गया है। इसका संदेश साफ है कि इस अहम समिति की अगुवाई राहुल ही करेंगे।
विज्ञापन


समिति में राहुल के साथ कांग्रेस की दूरगामी राजनीति का रोडमैप बनाने में अहम भूमिका निभा रहे पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह, सोनिया गांधी के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, मधुसूदन मिस्त्री के साथ ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश को भी शामिल किया गया है। गौरतलब है कि जयराम सरीखे चेहरे पिछले तीन आम चुनावों से कांग्रेस के मुख्य रणनीतिकारों में शामिल रहे हैं। चुनाव समिति और तीन उपसमूहों में शामिल लगभग सभी नेता दस जनपथ के निकट माने जाते हैं।

इस छह सदस्यीय समन्वय समिति के साथ चुनाव के लिए तीन उपसमूहों के गठन का भी ऐलान कर दिया गया है। गठबंधन राजनीति की मजबूरियों को भांपते हुए कांग्रेस ने इस बार चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए डेढ़ साल पहले ही पार्टी दिग्गज एके एंटनी की अगुवाई में चुनाव पूर्व गठबंधन उपसमूह बना दिया है। इसमें एंटनी के साथ वीरप्पा मोइली, जितेंद्र सिंह के साथ मुकुल वासनिक, मोहन प्रकाश और मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी को शामिल किया गया है।

चुनावी घोषणा पत्र और सरकारी योजनाओं से जुड़ी उपसमिति की कमान भी एंटनी ही संभालेंगे। इसमें उनके साथ पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद के साथ संदीप दीक्षित, रेणुका चौधरी, पीएल पुनिया और अजीत जोगी के साथ राजीव गांधी फाउंडेशन से जुड़े प्रोफेसर मोहन गोपाल को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। जबकि अगले लोकसभा चुनाव तक राहुल के चेहरे के साथ पार्टी के संवाद और प्रचार के लिए बनाए गए तीसरे उपसमूह की अगुवाई दिग्विजय सिंह करेंगे। इसमें अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजीव शुक्ला और भक्त चरण दास शामिल हैं।

चुनाव समन्वय समिति
छह सदस्यों में राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह, अहमद पटेल, जनार्दन द्विवेदी, मधुसूदन मिस्त्री, जयराम रमेश। राहुल करेंगे समिति की अगुवाई।

तीन उपसमूह
1. चुनाव पूर्व गठबंधन उपसमूह : अध्यक्ष एके एंटनी, सदस्य - वीरप्पा मोइली, जितेंद्र सिंह, मुकुल वासनिक, मोहन प्रकाश और सुरेश पचौरी।
2. चुनावी घोषणा पत्र उपसमिति : अध्यक्ष एके एंटनी। सदस्य - पी चिदंबरम, सुशील कुमार शिंदे, आनंद शर्मा, सलमान खुर्शीद, संदीप दीक्षित, रेणुका चौधरी, पीएल पुनिया और अजीत जोगी। राजीव गांधी फाउंडेशन से जुड़े प्रोफेसर मोहन गोपाल विशेष आमंत्रित सदस्य।
विज्ञापन

3. संवाद और प्रचार के लिए उपसमूह : अध्यक्ष दिग्विजय सिंह। सदस्य - अंबिका सोनी, मनीष तिवारी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजीव शुक्ला और भक्त चरण दास।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें