मिड डे मील योजना में हुई लापरवाही को लेकर बिहार कांग्रेस शनिवार को राज्य की नीतीश कुमार सरकार पर जमकर बरसी।
कांग्रेस ने कहा कि योजना के लिए पिछले वित्तीय वर्ष में दी गई राशि का 25 फीसदी बिहार सरकार ने केंद्र को लौटा दिया।
प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अशोक चौधरी ने कहा कि कुल 162.3 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया जिसमें से बिहार सरकार ने 127.9 करोड़ रुपये खर्च किए। और 34.4 करोड़ रुपये केंद्र को लौटा दिए।
उन्होंने कहा कि बिहार के सिर्फ 52 से 53 फीसदी स्कूली बच्चे ही योजना से फायदा पा रहे हैं। जबकि केंद्र सरकार ने सभी स्कूलों के सभी बच्चों को फायदा दिलाने के लिए राज्य सरकार को धन राशि उपलब्ध कराई।
पर्याप्त धन देने के बाद भी करीब 29 फीसदी स्कूलों में सही ढंग के किचन नहीं बनाए गए। सर्वे से पता चला कि योजना के तहत परोसा गया मील बेहतर नहीं होता है। और वह मात्रा में भी कम होता है।
बिहार में योजना के तहत 166749 कुक भी कम रहे। उन्होंने कहा कि योजना को लागू करने में हो रही लापरवाही और गड़बड़ी के बारे में बिहार सरकार के अधिकारियों को पिछले अप्रैल में चेताया गया था। जबकि बिहार सरकार का कहना है कि उसे किसी तरह की चेतावनी नहीं मिली।