प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा में चुनाव प्रचार अभियान के दौरान रॉबर्ट वाड्रा के भूमि सौदे के मुद्दे को उठाए जाने के बाद कांग्रेस बचाव में उतर आई है।
पार्टी महासचिव शकील अहमद ने कहा है कि मोदी इस मामले में अज्ञानता का परिचय दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव के बाद यह दूसरा मौका है, जबकि मोदी ने वाड्रा के मुद्दे को उठाकर गांधी परिवार और राज्य सरकार पर निशाना साधा है।
अहमद ने वाड्रा मुद्दे पर पार्टी का बचाव करते हुए कहा है कि पीएम होने के नाते मोदी को इस मामले से इतना अंजान नहीं होना चाहिए, क्योंकि ऐसा है तो उनके लोग उन्हें इस मुद्दे पर गुमराह करेंगे।
अहमद ने कहा कि भला चुनाव आयोग इस पर संज्ञान कैसे ले सकता है, जबकि आचार संहिता 12 सितंबर से लागू है। अहमद का यह बयान मोदी की ओर से हरियाणा की रैली में चौटाला परिवार और कांग्रेस पर हमला बोलने के बाद आया है।