मोदी सरकार के एक साल पर कांग्रेस पार्टी ने पलटवार किया है। कांग्रेस ने मोदी सरकार को सेल्फ, सेल्फी और सेल्फिश सरकार करार दिया है।
केंद्र की एनडीए सरकार पर निशाना साधने के लिए कांग्रेस ने एक साल का रिपोर्ट कार्ड निकाला। जिसमें उन्होंने सरकार को फेल करार दिया। केंद्र की नीतियों पर सवाल खड़े करते हुए नई सरकार को यू-टर्न सरकार करार दिया।
कांग्रेस ने रिपोर्ट कार्ड के साथ-साथ एक वीडियो भी रिलीज किया। इसमें चुनाव से पहले और चुनाव के बाद भाजपा नेताओं के बयानों में आए बदलाव को दिखाया गया है।
कांग्रेस के रिपोर्ट कार्ड में मोदी सरकार फेल
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं गुलाम नबी आजाद, मल्लिकार्जुन खड़गे, रणदीप सूरजेवाला समेत कई बड़े नेताओं की उपस्थिति में पार्टी ने पोल-खोल वीडियो जारी किया। साथ ही रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया।
इस मौके पर कांग्रेस नेता रणदीप सूरजेवाला ने कहा कि आज कल 10वीं और 12वीं के छात्रों के परीक्षा परिणाम आ रहे हैं। ऐसे में हमने भी मोदी सरकार का रिपोर्ट जारी किया है। इसमें सरकार को पूरी तरह से फेल करार दिया गया है।
कांग्रेस ने बुकलेट निकाल कर इसमें फेल लिखा है। सूरजेवाला ने नई सरकार पर ब्रैंडिंग की बाजीगरी में उलझाने का आरोप लगाया। हालांकि देश के 125 करोड़ लोग समझ गए अब समझ गए होंगे।
'सेल्फ, सेल्फी और सेल्फिश सरकार'
इस मौके पर कांग्रेस नेता गुलाब नबी आजाद ने कहा कि अब तक हमें लगता था कि भाजपा के दोहरे चेहरे हैं लेकिन अब हमें लगता है कि कई नकली चेहरे हैं। प्रधानमंत्री मोदी का पत्र सच्चाई से कोसों दूर और विरोधभासों से भरपूर है।
गुलाम नबी आजाद ने कहा कि अगर पुलिस से आप हाथ मिला लेंगे तो जुर्म को कौन देखेगा, इसीलिए अब तक कोई सीवीसी, सीआईसी और लोकपाल नहीं है यानी कोई भ्रष्टाचार नहीं।
आजाद ने कहा कि प्रधानमंत्री कह रहे कि दामों में गिरावट आ रही लेकिन सच्चाई ये है कि दाल, दूध और पेट्रोल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं रेलवे का किराया भी बढ़ा है।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि मोदी सरकार ने पांच साल में 10 करोड़ नौकरियों का वादा किया था लेकिन ये नौकरियां कहां हैं?
लोकसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि जिस जन धन योजना को लेकर मोदी सरकार पीठ थपथपा रही है उससे महज 8 हजार लोगों को फायदा मिल रहा है।